खबर डिजिटल न्यूज़ कटनी/ढीमरखेड़ा-- वनमंडल कटनी में अवैध वनोपज के खिलाफ वन विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में वन परिक्षेत्र ढीमरखेड़ा के अमले ने ग्राम कछारगांव (बड़ा) में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घर से अवैध रूप से रखी गई सागौन की 41 नग चिरान जब्त की है। जब्त वनोपज की मात्रा 0.232 घनमीटर बताई गई है।वन विभाग के अनुसार यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार एवं उपवनमंडलाधिकारी कटनी पश्चिम कार्तिकेय भट्ट के मार्गदर्शन तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी ढीमरखेड़ा सचिन नामदेव के निर्देशन में की गई। उपवनमंडलाधिकारी से प्राप्त सर्च वारंट क्रमांक 4/13 दिनांक 17 अगस्त 2026 के आधार पर ग्राम कछारगांव (बड़ा) निवासी राकेश पिता राममिलन बढ़ई के घर की विधिवत तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान मौके पर अवैध रूप से बढ़ईगिरी एवं फर्नीचर निर्माण का कार्य संचालित होना पाया गया। घर से राष्ट्रीयकृत वनोपज सागौन की 41 नग चिरान बरामद हुई। वन विभाग के मुताबिक आरोपी इन लकड़ियों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। कार्रवाई के दौरान बढ़ईगिरी में इस्तेमाल किए जाने वाले औजारों को भी जब्त कर सूचीबद्ध किया गया।वन अमले ने मौके पर जब्ती पत्रक तैयार करते हुए वन अपराध प्रकरण क्रमांक 191/14, दिनांक 17 अगस्त 2026 पंजीबद्ध किया। विभाग के अनुसार आरोपी द्वारा विभागीय राजीनामा भी प्रस्तुत किया गया है।कार्रवाई में उपवनक्षेत्रपाल रामपुर मोहम्मद खालिक, वनरक्षक राजेश गुप्ता, राजेश शर्मा, रामकृष्ण दुबे, उमा चौधरी, अंकित गौतम, दिनेश दहायत, रामफल पटेल एवं सुजाता गौड़ सहित वन अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।वन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध रूप से वनोपज का भंडारण एवं उपयोग करने वालों में हड़कंप की स्थिति है।
ढीमरखेड़ा में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध सागौन की 41 नग चिरान जब्त
Khabar Digital Desk
0 बार पढ़ा गया









