डिंडोरी /खबर डिजिटल /शैलेश नामदेव/ Dindori Heavy Rain: डिंडौरी जिले में शनिवार की देर रात हुई झमाझम बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। मूसलाधार बारिश के चलते मां नर्मदा नदी रौद्र रूप में आ गई है और जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि डिंडौरी स्थित मां नर्मदा मुख्य पुल डेम घाट और जोगीटकरिया पुल के ऊपर से पानी बहने लगा, जिससे पुलों पर आवाजाही रोकनी पड़ी।
नदी के उफान पर आते ही जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। हालात का जायजा लेने के लिए रविवार को कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया और पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे खुद मां नर्मदा पुल पहुंचे। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से नदी के जलस्तर और सुरक्षा प्रबंधों का पूरा ब्यौरा लिया।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने पुल के आसपास की सुरक्षा व्यवस्था पर मंथन किया। इस दौरान डिंडौरी विधायक ओमकार मरकाम, कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन और अन्य प्रशासनिक विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने दिए सक्त आदेश
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए:"नदी के जलस्तर और पुलों की स्थिति पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाए। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी इंतजाम तैयार रहें। आम जनता की सुरक्षा हमारी सबसे पहली जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।"
इन बातों का ध्यान रखें -
बढ़ते जलस्तर और खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने नागरिकों के लिए मुख्य सावधानियां बरतने की अपील की गई।
यदि पुल या रपटे के ऊपर पानी बह रहा हो, तो उसे पार करने की कोशिश बिल्कुल न करें।
मां नर्मदा नदी, घाटों, पुलों और जलभराव वाले निचले इलाकों के पास जाने से बचें।
नदी के किनारों पर जाकर तस्वीरें या वीडियो बनाने का जोखिम न उठाएं।
केवल प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की गश्ती टीमें नदी के तटीय इलाकों और पुलों पर मुस्तैद हैं, ताकि कोई भी अनहोनी न हो सके।









