डिंडोरी /खबर डिजिटल /शैलेश नामदेव/ डिंडौरी जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक (SP) आशीष खरे इन दिनों पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। जिले की कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने और पुलिस व्यवस्था का जायजा लेने के लिए उन्होंने पुलिस लाइन में आयोजित जनरल परेड का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद वे पुलिस थाना शाहपुरा पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस के जवानों और अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।
निरीक्षण के दौरान पुलिस कप्तान ने पुलिस बल की अनुशासन व्यवस्था, उनकी वेशभूषा और काम करने के तौर-तरीकों का गहराई से अवलोकन किया। जवानों का हौसला बढ़ाते हुए एसपी आशीष खरे ने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य जनता की सेवा होना चाहिए।
"सभी पुलिसकर्मी पूरी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वाह करें। हमारी पुलिसिंग ऐसी होनी चाहिए जो अपराधियों में डर पैदा करे और आम जनता के मन में सुरक्षा तथा विश्वास का भाव जगाए। पुलिस को अधिक प्रभावी, संवेदनशील और जनता के प्रति जवाबदेह बनना होगा।
सामान्य निरीक्षण के साथ-साथ पुलिस अधीक्षक ने विभाग के शासकीय वाहनों की स्थिति भी देखी। उन्होंने वाहनों की उपयोगिता, उनके मेंटेनेंस और रख-रखाव की पूरी जानकारी ली। एसपी ने अधिकारियों को हिदायत दी कि सभी वाहनों का नियमित रूप से रख-रखाव किया जाए, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति या दुर्घटना के समय पुलिस बल बिना किसी तकनीकी खराबी के तुरंत मौके पर पहुंच सके।
शाहपुरा थाने में आयोजित बैठक के दौरान एसपी आशीष खरे ने क्षेत्र की कानून व्यवस्था की समीक्षा की। इस बैठक की खास बात यह रही कि उन्होंने केवल आदेश नहीं दिए, बल्कि जवानों से सीधा संवाद कर उनकी व्यावहारिक समस्याओं को भी समझा।
उन्होंने जवानों से पूछा कि फील्ड में काम करने के दौरान उन्हें किस तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कप्तान ने भरोसा दिलाया कि जवानों की हर संभव मदद की जाएगी ताकि वे तनावमुक्त होकर अपनी ड्यूटी कर सकें। साथ ही, उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि थाने आने वाले हर फरियादी की बात को पूरे प्रेम और संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और उस पर त्वरित कार्रवाई की जाए।
विवेक गौतम (एसडीओपी, बजाग)सुभाष उइके (यातायात थाना प्रभारी)दुर्गा प्रसाद नागपुरे (कोतवाली थाना प्रभारी)गोकुल मरावी (कंपनी प्रभारी, 36वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल कैंप) कुंवर सिंह ओलाड़ी (प्रभारी रक्षित निरीक्षक सूबेदार) बैठक में ये लोग मुख्य रूप से उपस्थित रहे।









