खबर डिजिटल संवाददाता कटनी-- जिले में नशे का कारोबार लगातार पैर पसारता जा रहा है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक गोगो, स्मैक, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की उपलब्धता ने युवाओं के भविष्य पर गंभीर संकट खड़ा कर दिया है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि कथित रूप से गोगो जैसे नशीले उत्पाद किराना दुकानों तक में आसानी से उपलब्ध हो रहे हैं, जिससे 15 से 17 वर्ष की उम्र के किशोर भी इसकी चपेट में आ रहे हैं।स्थानीय सूत्रों का कहना है कि नशे की लत के कारण कई युवा अपराध की दुनिया की ओर बढ़ रहे हैं। चोरी, मारपीट, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी के पीछे नशे की भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।वहीं जिले के कई इलाकों में अवैध शराब का कारोबार भी खुलेआम संचालित होने के आरोप लगते रहे हैं। सवाल यह है कि जब नशीले पदार्थ और अवैध शराब आसानी से उपलब्ध हैं तो आखिर इनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हो पा रही है?कटनी के नागरिकों का आरोप है कि यदि पुलिस और संबंधित विभाग नशे के कारोबार पर सख्ती से शिकंजा कसें, तो जिले में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है। युवाओं को नशे से बचाने और जिले के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए अब केवल औपचारिक कार्रवाई नहीं, बल्कि बड़े स्तर पर अभियान चलाने की आवश्यकता है।अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर कटनी को नशे के दलदल में धकेलने वालों पर कब होगी निर्णायक कार्रवाई और कब युवा पीढ़ी को इस जहर से मुक्ति मिलेगी?
"नशे की गिरफ्त में कटनी! गोगो, स्मैक, गांजा और अवैध शराब से बर्बाद हो रही युवा पीढ़ी, आखिर कब जागेगा प्रशासन?"
Khabar Digital Desk
0 बार पढ़ा गया









