खबर digital News संवाददाता कटनी- जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के दावों के बीच आबकारी विभाग ने विजयराघवगढ़ क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 78 पाव देशी शराब जब्त की है। विभाग ने पांच प्रकरण दर्ज कर अपनी सक्रियता तो दिखाई, लेकिन सवाल यह है कि क्या केवल इतनी मात्रा की शराब पकड़ लेने से जिले में फल-फूल रहे अवैध शराब के बड़े नेटवर्क पर अंकुश लग पाएगा?जानकारों का कहना है कि जिले के ग्रामीण इलाकों में लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार खुलेआम संचालित हो रहा है। कई स्थानों पर शराब माफिया बेखौफ होकर कारोबार कर रहे हैं, लेकिन कार्रवाई अक्सर छोटे विक्रेताओं तक ही सीमित नजर आती है। ऐसे में विभाग की इस कार्रवाई को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं कि आखिर बड़े सप्लायर और मुख्य कारोबारी कब कानून के शिकंजे में आएंगे।कन्हवारा, पंडखुरी, रजरवारा, खरखरी, अमुआरी, झिरिया, विजयराघवगढ़ और कैमोर क्षेत्रों में दबिश के दौरान 78 पाव शराब जब्त की गई और पांच प्रकरण दर्ज किए गए। हालांकि स्थानीय लोगों का मानना है कि क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार कहीं अधिक बड़े स्तर पर संचालित हो रहा है।फिलहाल आबकारी विभाग ने अभियान जारी रखने की बात कही है, लेकिन जनता अब बड़ी मछलियों पर कार्रवाई और अवैध शराब के पूरे नेटवर्क के खुलासे का इंतजार कर रही है।
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट mo. 9131308097









