डिंडोरी/शैलेश नामदेव/खबर डिजिटल/ कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और कई आवेदनों का मौके पर ही समाधान कराया। इसी दौरान एक अनोखा और भावनात्मक दृश्य देखने को मिला, जिसने सभी अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया।
बांसुरी की धुन के साथ रखी पीड़ा
विकासखंड करंजिया की ग्राम पंचायत झनकी अंतर्गत वनग्राम पांडपुर निवासी मोहन सिंह बैगा ने अपनी समस्या रखने के लिए पारंपरिक और अनोखा तरीका अपनाया। उन्होंने जनसुनवाई में बांसुरी बजाकर अधिकारियों को मंत्रमुग्ध कर दिया और उसी के माध्यम से अपनी बात कलेक्टर के समक्ष रखी।
योजनाओं से जुड़ी मांग
मोहन सिंह बैगा ने किसान सम्मान निधि की लंबित राशि और प्रधानमंत्री आवास योजना की चौथी किस्त दिलाने की मांग की। कलेक्टर ने उनसे उनकी पारिवारिक और आवासीय स्थिति पर विस्तार से चर्चा की।
तत्काल निर्देश और मानवीय पहल
कलेक्टर ने किसान सम्मान निधि प्रकरण के शीघ्र निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना की चौथी किस्त भुगतान के लिए सीईओ जिला पंचायत को निर्देशित किया गया। जिला सीईओ ने जनपद सीईओ करंजिया एवं एसडीओ आरईएस को एक सप्ताह में भुगतान सुनिश्चित कर आवास निर्माण पूर्ण कराने के आदेश दिए। मोहन सिंह के मोबाइल में रिचार्ज न होने की जानकारी पर कलेक्टर ने तत्काल उनका मोबाइल रिचार्ज कराया। साथ ही ठंड को देखते हुए कंबल और स्वेटर भी प्रदान किए।
अधिकारी रहे उपस्थित
जनसुनवाई में अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, एसडीएम डिंडौरी भारती मेरावी, डिप्टी कलेक्टर वैधनाथ वासनिक सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।









