फ्लाईदुबई कॉकपिट में बड़ा हादसा
फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट में उस वक्त हड़कंप मच गया जब उसके ओमान मूल के को-पायलट हमम अल-हम्मामी ने कॉकपिट के भीतर अचानक हमला कर दिया. उसने वहां आपातकालीन स्थिति के लिए रखी क्रैश कुल्हाड़ी उठाई और क्रू मेंबर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. इस जानलेवा हमले के बाद आरोपी ने विमान को अपने नियंत्रण में लेने का प्रयास भी किया.
संदिग्ध बैकग्राउंड और हिंसक हमला
मामले से जुड़े सूत्रों के मुताबिक आरोपी को-पायलट का रिकॉर्ड पहले से ही संदिग्ध रहा है. कट्टरपंथी विचारों और झुकाव के कारण ओमान में उस पर पहले भी उड़ान भरने से रोक लगाई जा चुकी थी. उड़ान के दौरान उसने सुरक्षा के लिए रखी कुल्हाड़ी से साथी पर हमला कर दिया, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गए. हालांकि, इस हमले के पीछे उसका असली मकसद क्या था, इसकी जांच जारी है.
इमरजेंसी लैंडिंग और आरोपी की गिरफ्तारी
घटना के तुरंत बाद प्लेन में मौजूद दो रिजर्व पायलटों ने मोर्चा संभाला. उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए सऊदी अरब के तबुक स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्दुलअजीज एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई. लैंडिंग होते ही स्थानीय सुरक्षा बलों ने आरोपी को-पायलट को हिरासत में ले लिया.
घायल का इलाज और एयरलिफ्ट
हादसे में गंभीर रूप से घायल पीड़ित को तुरंत पास के एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया. बाद में उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें एयरलिफ्ट करके अबू धाबी शिफ्ट कर दिया गया है.









