सागर/खबर डिजिटल/ रहली विधानसभा से लगातार 9 बार विधायक और मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव का एक और बयान चर्चा में है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का हर कार्यकर्ता अपने आप को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से कम नहीं समझता। इस दौरान उन्होंने आलोचकों पर निशाना साधते हुए कहा कि हाथी अपनी मस्त चाल चलता है और उसके पीछे कुत्ते चलते रहते हैं, इसलिए उनकी चिंता नहीं की जाती। रहली में वीर दुर्गादास राठौर जयंती समारोह में शामिल हुए भार्गव ने मंच से कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता मुख्यमंत्री है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री भी कहते हैं कि पार्टी का हर कार्यकर्ता प्रधानमंत्री है। ऐसे में किसी से प्रमाण पत्र लेने की जरूरत नहीं है।
‘लोग तो ऐसे भौंकते रहते हैं’
पूर्व मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि कुछ लोग जो कोशिश करते रहते हैं, उनकी चिंता नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘हाथी अपनी मस्त चाल चलता है और कुत्ते उसके पीछे लगे रहते हैं।’ उन्होंने यह भी कहा कि दो-चार चीटियां मिलकर गन्ने को नहीं खींच सकतीं। भार्गव ने कहा कि लोकतंत्र में सभी लोग बराबर हैं। कोई व्यक्ति सेवक के रूप में काम कर रहा है तो कोई जनप्रतिनिधि के तौर पर जिम्मेदारी निभा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता अपने आपको मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से कम नहीं समझता।
MP News: मध्यप्रदेश में दिव्यांग परेशान… दिव्यांगता प्रमाण पत्र के लिए 253 दिन का इंतजार!
निवास के बाहर चिपकाया गया था ‘स्वघोषित मुख्यमंत्री’ का पर्चा
भार्गव का यह बयान कुछ दिन पहले सामने आए एक वीडियो के बाद आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक व्यक्ति गढ़ाकोटा स्थित उनके निवास के बाहर सड़क पर लगे निवास बोर्ड पर ‘स्वघोषित मुख्यमंत्री’ लिखा पंपलेट चिपकाता नजर आया था। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया था। वीर दुर्गादास राठौर जयंती कार्यक्रम के दौरान जब एक व्यक्ति ने इस घटना का जिक्र किया, तो भार्गव ने मंच से अपने अंदाज में जवाब दिया।
‘किसी से सर्टिफिकेट लेने की जरूरत नहीं’
भार्गव ने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता को संगठन में महत्वपूर्ण स्थान दिया जाता है और किसी से अपनी भूमिका या हैसियत का प्रमाण पत्र लेने की जरूरत नहीं है। उन्होंने आलोचनाओं की परवाह न करने की बात कहते हुए कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता अपने आपको किसी भी बड़े पद से कम नहीं समझता। उनका यह बयान अब एक बार फिर राजनीतिक और सोशल मीडिया चर्चाओं में बना हुआ है।
अपील - खबर अच्छी लगने पर शेयर जरुर करें।









