हरदा/ नौशाद खान/ खबर डिजिटल/ अमृत भारत योजना के तहत मॉडल स्टेशन बनाए जा रहे हरदा रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब नियम विरुद्ध घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग पकड़ने पहुंची खाद्य विभाग की टीम के साथ ठेकेदार ने अभद्रता कर दी। कार्यवाही के दौरान ठेकेदार का कर्मचारी सरेआम रेलवे ट्रैक पार करते हुए घरेलू सिलेंडर लेकर फरार हो गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
नियमों को ताक पर रखकर चल रहा काम
स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर चौकसे नामक ठेकेदार द्वारा लंबे समय से व्यावसायिक कार्य में घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग किया जा रहा था। सूचना मिलने पर जब खाद्य विभाग की टीम जांच के लिए पहुंची, तो ठेकेदार ने सहयोग करने के बजाय टीम के साथ बदतमीजी शुरू कर दी। इसी बीच, टीम को चकमा देकर एक कर्मचारी सिलेंडर कंधे पर लादकर जान जोखिम में डालते हुए रेलवे लाइन पार कर भाग निकला।
अधिकारियों की चुप्पी पर उठे सवाल
हैरानी की बात यह है कि स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों की निगरानी के लिए रेलवे के जिम्मेदार अधिकारी तैनात हैं, लेकिन उनकी मौजूदगी में महीनों से यह अवैध खेल चल रहा है। चर्चा है कि रेलवे अधिकारियों के संरक्षण के कारण ही ठेकेदार के हौसले इतने बुलंद हैं कि वह प्रशासनिक टीम से भी भिड़ने को तैयार है।
कठोर कार्यवाही की तैयारी
खाद्य विभाग ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए 'शासकीय कार्य में बाधा' उत्पन्न करने का मामला दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस संबंध में रेलवे के आई.डब्ल्यू. (I.W.) को लिखित पत्र भेजा गया है और एसडीएम हरदा को भी पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया गया है। अब देखना यह है कि क्या रेलवे के डीआरएम (DRM) लापरवाह अधिकारियों और मनमानी करने वाले ठेकेदार पर कोई ठोस एक्शन लेते हैं या मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा।









