इंदौर/खबर डिजिटल/ इंदौर की ऐतिहासिक धरोहर लालबाग पैलेस में मंगलवार सुबह एक ऐसी चीज मिली, जिसने कर्मचारियों से लेकर स्थानीय लोगों तक की उत्सुकता बढ़ा दी। परिसर में निर्माण कार्य के लिए जमीन की खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान मिट्टी के भीतर दबी एक पुरानी तिजोरी दिखाई दी। तिजोरी सामने आते ही मौके पर काम कर रहे कर्मचारियों ने खुदाई का काम रुकवाया और उसे बाहर निकलवाकर सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया।
सड़क निर्माण का चल रहा कार्य
जानकारी के अनुसार, लालबाग पैलेस परिसर में इन दिनों सड़क निर्माण और दीवार से संबंधित कार्य कराया जा रहा है। मंगलवार सुबह इसी सिलसिले में खुदाई चल रही थी। तभी जमीन के अंदर एक पुरानी तिजोरी नजर आई। कर्मचारियों ने इसकी जानकारी अन्य सहयोगियों को दी और सावधानीपूर्वक उसे बाहर निकाला। बाद में वरिष्ठ अधिकारियों को भी पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया गया।
होलकर राजघराने से जुड़ा हो सकता है ऐतिहासिक संबंध
लालबाग पैलेस का इतिहास इंदौर के होलकर राजघराने से जुड़ा रहा है। ऐसे में यहां जमीन के नीचे से पुरानी तिजोरी मिलने के बाद इसके संभावित ऐतिहासिक महत्व को लेकर अटकलें लगने लगी हैं। चर्चा है कि कहीं इसका संबंध होलकर शासनकाल से तो नहीं है। हालांकि, अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि तिजोरी कितनी पुरानी है और इसका राजघराने से कोई संबंध है या नहीं।
कर्मचारियों ने तत्काल उठाया सुरक्षा का कदम
घटनास्थल पर मौजूद कर्मचारी मोहन नायरे के मुताबिक, सड़क और दीवार निर्माण के लिए खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान जमीन में दबी तिजोरी दिखाई दी। इसके बाद कर्मचारियों ने उसे बाहर निकलवाकर सुरक्षित रखवा दिया। वहीं, चौकीदार धर्मेंद्र यादव ने बताया कि तिजोरी मिलने की सूचना संबंधित अधिकारियों तक पहुंचा दी गई है।
तिजोरी के अंदर क्या है, जांच के बाद होगा खुलासा
फिलहाल सबसे ज्यादा उत्सुकता इस बात को लेकर है कि तिजोरी के अंदर क्या मौजूद है। क्या इसमें पुराने दस्तावेज, राजघराने से जुड़ी वस्तुएं या कोई अन्य सामग्री है, इस बारे में अभी कुछ स्पष्ट नहीं है। तिजोरी की उम्र और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का पता संबंधित अधिकारियों के निरीक्षण के बाद ही चल सकेगा। लालबाग पैलेस जैसे ऐतिहासिक परिसर में इस तरह की वस्तु मिलने से इंदौर की विरासत से जुड़े एक नए सवाल ने जन्म दे दिया है। अब सबकी निगाहें अधिकारियों की जांच और तिजोरी के भीतर मौजूद सामग्री के संभावित खुलासे पर टिकी हैं।









