खबर डिजिटल न्यूज़ रिपोर्टर /कटनी-- कटनी बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन ने मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर को मुख्यमंत्री, परिवहन मंत्री एवं परिवहन विभाग के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए नई परिवहन नीति का विरोध किया। एसोसिएशन ने मांग की कि स्टेज कैरिज बसों के संचालन से संबंधित नई परिवहन नीति को तत्काल वापस लिया जाए, अन्यथा 7 अगस्त 2026 की रात 12 बजे से प्रदेशभर के बस संचालक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।ज्ञापन में कहा गया कि 26 जुलाई 2026 को सागर में प्रदेश के बस मालिकों एवं मध्यप्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन की बैठक में नई परिवहन नीति को बस व्यवसाय के लिए दमनकारी बताते हुए इसका विरोध करने का निर्णय लिया गया था।बस ऑपरेटर्स ने अपनी प्रमुख मांगों में 7 जुलाई 2026 को राजपत्र में प्रकाशित प्रस्तावित स्कीम को निरस्त करने, प्रस्तावित मार्गों के लिए जारी टेंडर रद्द करने, परिवहन कार्यालयों में लंबित परमिट, नवीनीकरण एवं ट्रांसफर संबंधी कार्यों में तेजी लाने, 1200 तैयार बसों के पंजीयन का मार्ग प्रशस्त करने, पहले से पंजीकृत बसों पर कार्रवाई रोकने, 15 वर्ष की आयु सीमा समाप्त कर फिटनेस के आधार पर परमिट जारी करने, डीजल एवं स्पेयर पार्ट्स की बढ़ी कीमतों को देखते हुए बस किराए में वृद्धि करने तथा अंतर्राज्यीय मार्गों के परमिटों के नवीनीकरण एवं नए परमिट शीघ्र जारी करने की मांग शामिल है।एसोसिएशन का कहना है कि यदि सरकार ने शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो 7 अगस्त 2026 की रात 12 बजे से बसों का संचालन अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे आम जनता को होने वाली असुविधा की जिम्मेदारी शासन और परिवहन विभाग की होगी।ज्ञापन सौंपने के दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष शुभ प्रकाश मिश्र सहित कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। इनमें मुकेश चौरसिया, नसीम खान, संजय चक्रवर्ती, समद खान, टूटू फिलिप्स, विजय अवस्थी, रिंकू मिश्र, रामजी पांडे, अमित दुबे, गुड्डू महराज, अनुराग निगम, नीरज दुबे, दीपक गोस्वामी तथा अन्य बस ऑपरेटर्स शामिल थे।
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट
खबर एवं विज्ञापन के लिए संपर्क करें मो. 9131308097









