खबर digital news रिपोर्टर /कटनी-- बारिश का मौसम शुरू होते ही नगर निगम प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। नगर पालिक निगम कटनी की निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने साफ शब्दों में कहा है कि जन सुरक्षा सर्वोपरि है और मानसून के दौरान किसी भी जर्जर भवन से होने वाली दुर्घटना को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।समय-सीमा बैठक में निगमायुक्त ने सभी उपयंत्रियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने वार्डों का रोजाना सघन निरीक्षण करें और ऐसे पुराने व जर्जर भवनों की पहचान कर तत्काल कार्रवाई करें जो कभी भी हादसे का कारण बन सकते हैं। केवल निरीक्षण ही नहीं, बल्कि खतरा बनने वाले हिस्सों को तत्काल हटाने और आवश्यक होने पर भवनों को ध्वस्त करने की प्रक्रिया भी तेज़ करने के निर्देश दिए गए हैं।निगम प्रशासन ने विशेष रूप से शासकीय स्कूलों, सार्वजनिक मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों के आसपास स्थित जर्जर भवनों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं, ताकि स्कूली बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। निगमायुक्त ने दो टूक कहा कि यदि किसी अधिकारी की लापरवाही के कारण कोई अप्रिय घटना होती है तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने बताया कि नगर पालिका अधिनियम के प्रावधानों के तहत जर्जर और खतरनाक भवनों पर कार्रवाई का स्पष्ट अधिकार है। इसलिए सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि जन-धन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसे भवनों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाए।नगर निगम का संदेश स्पष्ट है—बरसात में जर्जर भवनों के प्रति लापरवाही नहीं, बल्कि त्वरित कार्रवाई ही नागरिकों की सुरक्षा की गारंटी बनेगी।
कटनी से खबर डिजिटल संवाददाता सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट









