खबर डिजिटल संवाददाता कटनी- शहर की कानून-व्यवस्था को खुलेआम चुनौती देते हुए बदमाशों ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि अब उन्हें पुलिस का कोई खौफ नहीं रह गया है। वीआईपी और सुरक्षित माने जाने वाले डन कॉलोनी क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई चेन स्नेचिंग की सनसनीखेज वारदात ने पूरे शहर को दहला दिया है। एक ऑटो में सवार महिला को निशाना बनाते हुए बाइक सवार बदमाशों ने चलते वाहन के पास पहुंचकर उसके गले से सोने की चेन झपट ली और पलक झपकते ही फरार हो गए।घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। फुटेज में दो संदिग्ध युवक तेज रफ्तार बाइक पर घटनास्थल से भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। जिस तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया, उससे साफ जाहिर होता है कि बदमाश पूरी तैयारी के साथ आए थे और उन्हें गिरफ्तारी का कोई डर नहीं था।सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए गए। संदिग्धों के हुलिए और बाइक की पहचान के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है। हालांकि सबसे बड़ा सवाल यह है कि शहर के संभ्रांत और व्यस्त इलाके में यदि महिलाएं ऑटो में सफर करते हुए भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिक खुद को आखिर कितना सुरक्षित समझें?लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही ऐसे बदमाशों पर शिकंजा नहीं कसा गया तो अपराधियों के हौसले और बुलंद होंगे तथा शहरवासियों का सड़कों पर निकलना मुश्किल हो जाएगा।अब निगाहें पुलिस पर टिकी हैं कि सीसीटीवी में कैद इन संदिग्ध चेहरों तक वह कितनी जल्दी पहुंच पाती है और बेखौफ अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजकर शहरवासियों के भरोसे को बहाल कर पाती है या नहीं।
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट mo. 9131308097









