खबर digital news /कटनी -- व्यापारिक और माइनिंग हब के रूप में देशभर में अपनी पहचान रखने वाला कटनी अब रेलवे सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बड़ी उम्मीद लगाए हुए है। लंबे समय से विभिन्न ट्रेनों के कटनी स्टेशन पर ठहराव की मांग को गंभीरता से लेते हुए राज्यसभा सांसद एवं वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तनखा ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर कटनीवासियों की वर्षों पुरानी मांग को प्रमुखता से उठाया है।समाजसेवी दिव्यांशु मिश्रा 'अंशु' के आग्रह पर सांसद तनखा ने कटनी स्टेशन पर कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग की है। इनमें 12141/42 राजेंद्र नगर–कुर्ला एक्सप्रेस, 11055/56 एलटीटी–गोरखपुर गोदान एक्सप्रेस, 11059/60 एलटीटी–छपरा एक्सप्रेस, 11053/54 एलटीटी–आजमगढ़ एक्सप्रेस, 12293/94 एलटीटी दूरंतो सुपरफास्ट एक्सप्रेस तथा 22111/12 अमृत भारत अयोध्या एक्सप्रेस शामिल हैं।पत्र में सांसद तनखा ने यह भी उल्लेख किया है कि कटनी से पुणे जाने वाले यात्रियों के लिए वर्तमान में केवल 12149/50 पुणे–पटना एक्सप्रेस ही उपलब्ध है, जिसमें वर्षभर आरक्षण की भारी समस्या बनी रहती है। ऐसे में पुणे रूट पर एक नई ट्रेन शुरू करने की आवश्यकता है। विकल्प के तौर पर उन्होंने 11201/02 शहडोल–नागपुर एक्सप्रेस का विस्तार पुणे तक किए जाने का सुझाव भी रेल मंत्रालय को दिया है।सांसद ने अपने पत्र में बताया कि कटनी मुड़वारा और कटनी साउथ स्टेशन के संचालन शुरू होने से मुख्य स्टेशन पर ट्रैफिक का दबाव पहले की तुलना में कम हुआ है। ऐसे में इन ट्रेनों के ठहराव से न केवल रेलवे के राजस्व में वृद्धि होगी, बल्कि कटनी सहित आसपास के छोटे जिलों और कस्बों के हजारों यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलेगी।गौरतलब है कि कटनी निवासी समाजसेवी कमल मोहनी के पत्र के जवाब में केंद्र सरकार पहले ही यह स्पष्ट कर चुकी है कि संबंधित ट्रेनों के स्टॉपेज का प्रस्ताव रेल मंत्रालय के विचाराधीन है। वहीं सांसद विवेक तनखा ने भरोसा दिलाया है कि वे इस जनहित के मुद्दे को राज्यसभा के माध्यम से भी सरकार के समक्ष मजबूती से उठाएंगे।समाजसेवी दिव्यांशु मिश्रा 'अंशु' ने कटनी के यात्रियों की सुविधा को लेकर सांसद विवेक तनखा द्वारा उठाए गए इस महत्वपूर्ण कदम के लिए उनका आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि यदि इन ट्रेनों का कटनी में ठहराव सुनिश्चित होता है तो यह जिले के विकास और यात्रियों की सुविधाओं के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि साबित होगी।
कटनी से खबर digital संवाददाता सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट mo. 9131308097









