45 में से सिर्फ 9 वाहनों पर कार्रवाई, बाकी को छोड़ने पर उठे सवाल — बिना परमिट बसें सड़कों पर दौड़ती रहीं
कटनी (09 अप्रैल)--जिले में चल रहे सघन वाहन जांच अभियान के तीसरे दिन भी प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल खड़े होने लगे हैं। कलेक्टर के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान में गुरुवार को कटनी-उमरिया मार्ग और कैमोर रोड पर जांच तो की गई, लेकिन नतीजे उम्मीद के मुताबिक सख्त नहीं दिखे।करीब 45 वाहनों की जांच के दौरान केवल 9 वाहनों पर ही कार्रवाई की गई, जिससे यह सवाल उठ रहा है कि क्या बाकी वाहन पूरी तरह नियमों का पालन कर रहे थे या फिर जांच में ढिलाई बरती गई।सबसे चिंताजनक बात यह रही कि 2 यात्री बसें बिना वैध परमिट के खुलेआम सड़कों पर संचालित होती मिलीं। यह सीधे तौर पर यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ है। बावजूद इसके, ऐसे वाहनों का लंबे समय तक बिना रोकटोक चलना परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।वहीं 2 ट्रक ओवरलोड पाए गए, जो सड़क हादसों का बड़ा कारण बन सकते थे। इसके अलावा 5 ट्रकों में आवश्यक दस्तावेजों की कमी पाई गई। यह दर्शाता है कि जिले में परिवहन नियमों का पालन केवल कागजों तक ही सीमित है।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई केवल दिखावे के लिए की जाती है, जबकि हकीकत में अवैध परिवहन धड़ल्ले से जारी रहता है। लगातार अभियान के बावजूद यदि इतनी बड़ी संख्या में नियम उल्लंघन सामने आ रहे हैं, तो यह प्रशासन की निगरानी व्यवस्था की कमजोरी को उजागर करता है।अब बड़ा सवाल यह है कि क्या यह अभियान वास्तव में व्यवस्था सुधारने के लिए है या सिर्फ औपचारिकता निभाने तक सीमित रह जाएगा?
सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी
मो. 9131308097









