कटनी। थाना रीठी क्षेत्र अंतर्गत हुए अंधे कत्ल के मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर सराहनीय कार्य किया है। पुलिस अधीक्षक कटनी के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का पर्दाफाश किया।जानकारी के अनुसार दिनांक 11 फरवरी 2026 को थाना रीठी के ग्राम खम्हरिया में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु होने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई। मृतक की पहचान सुनील भुमिया (19 वर्ष), निवासी ग्राम परसवाहा थाना विजयराघवगढ़ के रूप में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मर्ग क्रमांक 11/26 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई।उप पुलिस अधीक्षक श्री रत्नेश कुमार मिश्रा द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलित किए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने मृत्यु का कारण गला घोंटना बताया।जांच के दौरान साक्ष्यों एवं परिस्थिति जन्य तथ्यों के आधार पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 85/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की गई। जांच में सामने आया कि मृतक 10 फरवरी की रात अपने होने वाली ससुराल ग्राम खम्हरिया आया था। वहां शराब के सेवन के बाद उसकी होने वाली पत्नी, जो विधि विरुद्ध बालिका है, से विवाद हुआ। विवाद के दौरान बालिका ने बिजली के तार से गला घोंट दिया, जिससे युवक की मृत्यु हो गई।पुलिस ने विधि विरुद्ध बालिका को अभिरक्षा में लेकर माननीय किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया है।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रीठी निरीक्षक मोहम्मद शाहिद सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विशेष भूमिका रही।पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम के त्वरित एवं प्रभावी कार्य की सराहना की गई है।
रीठी में अंधे कत्ल का 24 घंटे में खुलासा, नाबालिग बालिका अभिरक्षा
Khabar Digital Desk
0 बार पढ़ा गया









