कटनी। कैमोर-मेहगांव मार्ग पर संचालित चूना भट्ठों की मनमानी अब लोगों की सेहत और पर्यावरण पर भारी पड़ती नजर आ रही है। भट्ठों से निकलने वाली चूने की बारीक डस्ट खुले आसमान में उड़कर आसपास के इलाकों में फैल रही है। कहीं कवर्ड शेड के पर्याप्त इंतजाम नजर नहीं आते तो कहीं धूल नियंत्रण की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीणों और राहगीरों को धूल के बीच से गुजरना पड़ रहा है। सवाल यह है कि आखिर किसकी अनुमति और किसकी निगरानी में यह सब चल रहा है?
खुले में चूना, हवा में प्रदूषण का गुबार
स्थानीय लोगों के मुताबिक भट्ठों में चूने की डस्ट को नियंत्रित करने के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। खुले में रखे चूने और कच्चे माल से उड़ने वाली धूल आसपास के खेतों, खलिहानों, पेड़-पौधों और आबादी तक पहुंच रही है। इसका असर पशु-पक्षियों और आम नागरिकों पर भी पड़ने की आशंका है। औद्योगिक गतिविधियों के नाम पर क्या ग्रामीणों को प्रदूषण झेलने के लिए छोड़ दिया गया है?

सड़क पर धूल, राहगीरों की जान जोखिम में!
कैमोर-मेहगांव मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालक भी उड़ती डस्ट से परेशान हैं। हवा में फैलती बारीक धूल आंखों में जलन और दृश्यता कम होने जैसी समस्याएं पैदा कर सकती है। ऐसे में दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा है। आखिर सड़क के इतने करीब संचालित इन भट्ठों में धूल नियंत्रण के इंतजामों की जांच कौन करेगा?
नियमों की फाइलें कहां और जमीन पर पालन कितना?
चूना भट्ठों के संचालन के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की अनुमति, निर्धारित चिमनी, उत्सर्जन नियंत्रण उपकरण, डस्ट कलेक्टर, कवर्ड शेड और नियमित पानी के छिड़काव जैसी व्यवस्थाएं जरूरी हैं। इसके बावजूद कैमोर-मेहगांव मार्ग पर इन व्यवस्थाओं के पालन को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। क्या संबंधित इकाइयों के पास वैध संचालन अनुमति है? क्या प्रदूषण की जांच हुई है? क्या खनिज और पर्यावरण संबंधी शर्तों का पालन किया जा रहा है?

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और खनिज विभाग की भूमिका पर सवाल
ग्रामीणों की परेशानी के बीच जिम्मेदार विभागों की सक्रियता भी सवालों के घेरे में है। यदि भट्ठों से निकलने वाली डस्ट वातावरण को प्रभावित कर रही है तो अब तक औचक निरीक्षण और वैज्ञानिक जांच क्यों नहीं कराई गई? जिला प्रशासन को तत्काल संयुक्त जांच कराकर प्रदूषण के नमूने लेने चाहिए और नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
अब सवाल सिर्फ चूना भट्ठों के संचालन का नहीं, बल्कि ग्रामीणों की सेहत और पर्यावरण की सुरक्षा का है। आखिर कब जागेंगे जिम्मेदार? या कैमोर-मेहगांव मार्ग के लोग यूं ही धूल और प्रदूषण के बीच सांस लेने को मजबूर रहेंगे?
मामला संज्ञान मे आया है साथ ही सभी चुना भट्टा संचालको को कवर्ड शेड एवं ऊँची चिमनीयों लगाने हेतु निर्देश किया गया है जाँच कराई जाएगी और अनियमितताएं पाई जाएगी तो सख्त कार्य वाही कि जाएगी
राजेंद्र शुक्ला वैज्ञानिक, प्रदुषण नियंत्रण बोर्ड जिला कटनी









