रीवा/खबर डिजिटल/अरविन्द तिवारी/ रीवा जिले के त्यौंथर जनपद पंचायत में पंचायत अमले का आक्रोश खुलकर सामने आया। पंचायत सचिव, रोजगार सहायक और अन्य कर्मचारियों ने रीवा कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी और जिला पंचायत सीईओ मेहताब सिंह गुर्जर के कार्य व्यवहार के विरोध में जनपद पंचायत कार्यालय में ताला जड़ दिया और अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल शुरू कर दी।
कर्मचारियों ने अधिकारियों पर अभद्र भाषा के इस्तेमाल, मानसिक प्रताड़ना और अनावश्यक दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पंचायत अमले ने चेतावनी दी है कि सम्मानजनक माहौल नहीं मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।
त्यौंथर जनपद पंचायत सोमवार को विरोध का केंद्र बन गई, जहां पंचायत सचिव, रोजगार सहायक और पंचायत अमला एकजुट होकर हड़ताल पर बैठ गया। आक्रोशित कर्मचारियों ने जनपद पंचायत कार्यालय में ताला लगाकर रीवा कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी और जिला पंचायत सीईओ मेहताब सिंह गुर्जर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
रोजगार सहायक संघ अध्यक्ष नारायण मिश्रा ने आरोप लगाया कि बैठकों के दौरान कर्मचारियों से अपमानजनक भाषा में बात की जाती है और लगातार अनावश्यक दबाव बनाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है। उन्होंने कहा कि पंचायत कर्मचारियों के सम्मान और स्वाभिमान के साथ समझौता नहीं किया जाएगा।
हड़ताल पर बैठे पंचायत अमले का कहना है कि जब तक अधिकारियों के व्यवहार में सुधार नहीं होता और कर्मचारियों को सम्मानजनक कार्य वातावरण नहीं मिलता, तब तक कलमबंद हड़ताल जारी रहेगी। आंदोलन के चलते जनपद पंचायत के कई कार्य प्रभावित होने की संभावना भी जताई जा रही है।









