मध्यप्रदेश से इस समय एक अहम खबर सामने आई है, जहां नीट यूजी-2026 परीक्षा को देखते हुए मेडिकल कॉलेजों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है. इसी के तहत भोपाल के Gandhi Medical College में 2 और 3 मई की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं. कॉलेज प्रशासन ने साफ निर्देश जारी करते हुए कहा है कि इन दोनों दिनों में सभी छात्रों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी और किसी को भी अवकाश नहीं दिया जाएगा.
2 दिन की छुट्टी हुई रद्द
कॉलेज के डीन द्वारा जारी आधिकारिक सर्कुलर में बताया गया है कि यह फैसला उच्च स्तर के निर्देशों के आधार पर लिया गया है. दरअसल, 3 मई को देशभर में NEET UG 2026 आयोजित होने वाली है, जिसे लेकर पहले से ही प्रशासनिक तैयारियां तेज हैं. इसी बीच National Medical Commission (NMC) ने सभी मेडिकल कॉलेजों को निर्देश दिया है कि परीक्षा के आसपास के दिनों में छात्रों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और किसी को भी छुट्टी न दी जाए.
क्यों नहीं मिल रही है छुट्टी
इस फैसले के पीछे एक अहम वजह भी है. पहले हुए व्यापमं घोटाले से सबक लेते हुए यह कदम उठाया गया है. उस मामले में सामने आया था कि कुछ मेडिकल छात्र दूसरे अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा देने पहुंचे थे, जिससे परीक्षा की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हुए थे. अब प्रशासन किसी भी तरह की ऐसी अनियमितता को दोहराने का मौका नहीं देना चाहता.
क्या कहता है कॉलेज प्रशासन
कॉलेज प्रशासन का मानना है कि इन दो दिनों में छात्रों की मौजूदगी सुनिश्चित करने से उनकी गतिविधियों पर नजर रखना आसान होगा. इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि कोई भी छात्र परीक्षा प्रक्रिया में गलत तरीके से शामिल न हो. खासतौर पर नीट जैसी बड़ी और संवेदनशील परीक्षा के दौरान इस तरह की सतर्कता बेहद जरूरी मानी जा रही है.
परीक्षा को लेकर सरकार सख्त
छात्रों के लिए यह निर्देश भले ही सख्त लग सकता है, लेकिन इसका मकसद परीक्षा की निष्पक्षता और विश्वसनीयता को बनाए रखना है. प्रशासन चाहता है कि भविष्य में किसी भी तरह की गड़बड़ी या धोखाधड़ी की संभावना को पूरी तरह खत्म किया जाए. यही वजह है कि इस बार पहले से ज्यादा सख्त कदम उठाए जा रहे हैं.









