Panna Accident: मध्यप्रदेश के पन्ना जिले से एक झकझोर देने वाली बड़ी खबर आई है। जिले के अजयगढ़ जनपद के अंतर्गत आने वाले ग्राम बीहरपुरवा के नयापुरवा मजरे में चल रहा एक सरकारी कुएं निर्माण कार्य अचानक चीख-पुकार और मातम में बदल गया। यहां मनरेगा योजना के तहत एक खेत में पिछले 10 दिनों से कुएं की गहरी खुदाई का काम चल रहा था, लेकिन मंगलवार की सुबह अचानक कुएं की मिट्टी भरभराकर ढह गई। इस हादसे में कुएं के अंदर काम कर रहे 5 मजदूरों की मलबे में दबने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार यह दर्दनाक हादसा मंगलवार की सुबह उस समय हुआ जब बिन्नू अहिरवार नामक ग्रामीण के खेत में सात मजदूर कुएं के अंदर गहराई में खुदाई का काम कर रहे थे। खुदाई के दौरान दो मजदूर पानी पीने की बात कहकर कुएं से बाहर निकलकर ऊपर आए थे। दोनों मजदूरों के ऊपर आते ही कुएं की भुसभुसी मिट्टी अचानक ढह गई। कुएं के अंदर मौजूद 5 मजदूरों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और वे मलबे के नीचे जिंदा दफन हो गए। प्रशासन द्वारा चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मलबे से आशीष यादव, राजकुमार यादव, रामपाल यादव, चुन्नू यादव और चुनवाद पाल के शव क्षत-विक्षत हालत में बाहर निकाले गए।
सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी
सूत्रों के मुताबिक, बीहरपुरवा क्षेत्र की मिट्टी बेहद कमजोर और रेतीली भुसभुसी प्रकृति की है। नियमानुसार इतनी गहरी खुदाई के दौरान कुएं के चारों तरफ सुरक्षा घेरा या रिंग डालना अनिवार्य था, लेकिन सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी की गई। बिना किसी सुरक्षा के मजदूरों को इतनी गहराई में उतार दिया गया, जो आखिरकार उनकी मौत की वजह बना।
मौके पर पहुंचे एसपी-कलेक्टर
हादसे की की जानकारी लगते ही पन्ना कलेक्टर ऊषा परमार और एसपी निवेदिता नायडू प्रशासनिक अमले और डॉक्टरों की टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने बिलखते पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया और शासन की ओर से हर संभव आर्थिक व प्रशासनिक सहायता देने का भरोसा दिलाया। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए अजयगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रवाना कर दिया गया है।
सांसद वीडी शर्मा ने जताया दुख
हादसे को लेकर खजुराहो सांसद और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने पन्ना कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से फोन पर सीधी बात कर रेस्क्यू ऑपरेशन को तेजी से पूरा करने और पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत राशि मुहैया कराने के निर्देश दिए। सांसद वीडी शर्मा ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है और वे इस मामले में मुख्यमंत्री मोहन यादव से सीधे चर्चा करेंगे, ताकि पीड़ित परिवारों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान या आपदा राहत कोष से आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत कराई जा सके। वही पुलिस और राजस्व विभाग ने सरकारी काम में लापरवाही बरतने वाले पंचायत सचिव, रोजगार सहायक और इंजीनियर की भूमिका को लेकर मामले की मजिस्ट्रेटी जांच शुरू कर दी है।









