सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी-- “जल गंगा संवर्धन अभियान” के तहत शनिवार को मसुरहा घाट में आयोजित कार्यक्रम में परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री तथा कटनी जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने घाट पर जलकुंभी निकालने के कार्य में श्रमदान कर जल संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया।प्रभारी मंत्री ने कहा कि कटनी को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए शासन और प्रशासन के साथ समाज की सक्रिय सहभागिता भी जरूरी है। उन्होंने छात्रों, युवाओं और नागरिकों द्वारा अभियान में दिए जा रहे सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही कटनी स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान बना सकेगा।कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री सिंह ने लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित एसटीपी प्लांट का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि शहर के नदी-तालाबों की सफाई के लिए अत्याधुनिक ट्रैश क्लीनर मशीन खरीदी जाएगी, जिससे कटनी नदी और अन्य जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने में मदद मिलेगी।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव की पहल पर चलाया जा रहा “जल गंगा संवर्धन अभियान” जल संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। नदी और तालाब केवल जल स्रोत नहीं, बल्कि क्षेत्र की पहचान भी होते हैं, इसलिए इन्हें संरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है।महापौर प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि यह अभियान आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य देने का संकल्प है। उन्होंने बताया कि निगम प्रशासन द्वारा नदी सफाई, कुओं की सफाई, सोक पिट निर्माण और जल संरक्षण से जुड़े कई कार्य किए जा रहे हैं। कटाए घाट में लगभग 480 मीटर नदी की सफाई पूरी की जा चुकी है और यह कार्य लगातार जारी रहेगा।नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन और जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत शहरभर में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। वर्षा पूर्व पूरे शहर की सफाई पूरी करने और स्वच्छ सर्वेक्षण में कटनी को बेहतर स्थान दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।कार्यक्रम में जल संरक्षण एवं स्वच्छता की शपथ दिलाई गई तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 सफाई मित्रों को सम्मानित कर उन्हें केप, गम बूट और यूनिफॉर्म वितरित किए गए।इस अवसर पर कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा सहित जनप्रतिनिधि, नगर निगम अधिकारी, समाजसेवी संगठन और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
खबर डिजिटल संवाददाता सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट मो. 9131308087









