खबर डिजिटल संवाददाता कटनी- जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था के नाम पर चल रहे खेल का एक और चौंकाने वाला चेहरा सामने आया है। कन्हवारा स्थित मित्रा फार्मेसी पर औषधि विभाग की औचक कार्रवाई में ऐसी अनियमितताएं उजागर हुईं, जिन्होंने मरीजों की सुरक्षा और दवा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।बुधवार को कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश और सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में पहुंची टीम ने जब मेडिकल स्टोर की जांच की तो हकीकत देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। मौके पर न तो फार्मासिस्ट मौजूद मिला और न ही दवाओं के संधारण से जुड़े जरूरी दस्तावेज। सबसे गंभीर बात यह रही कि बिना डॉक्टर की पर्ची के दवाओं का खुलेआम विक्रय किया जा रहा था।जांच के दौरान खुलासा हुआ कि मेडिकल स्टोर की आड़ में अवैध रूप से इलाज भी संचालित किया जा रहा था। एक डॉक्टर मरीजों का उपचार करते हुए पाया गया, जिससे पूरे मामले ने और गंभीर रूप ले लिया।जनता की जान से खिलवाड़ करने वाली इन अनियमितताओं को देखते हुए निरीक्षण दल ने तत्काल मेडिकल स्टोर को बंद करा दिया और संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया। अब सवाल यह है कि आखिर कब से यह खेल चल रहा था और स्वास्थ्य विभाग की नजरों से अब तक कैसे बचा रहा?औषधि विभाग की इस कार्रवाई ने साफ संकेत दे दिया है कि नियमों को ताक पर रखकर मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वालों पर अब शिकंजा कसना तय है। प्रकरण में अग्रिम कार्रवाई जारी है।निरीक्षण दल में ड्रग इंस्पेक्टर सोनम जैन, डीएचओ डॉ. समीर सिंघई और नर्सिंग होम इंचार्ज नितिन तपा शामिल रहे।
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट mo. 9131308097









