सिवनी। मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के छपारा से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। छपारा के महावीर वार्ड स्थित जैन मोहल्ले में सर्राफा व्यापारी कुंदन सोनी के मकान में लगी भीषण आग ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। इस दर्दनाक हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है। एक और व्यक्ति की मौत की खबर सामने आने के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय मकान में करीब 10 लोग मौजूद थे। सोमवार तड़के लगभग 3 बजे मकान में अचानक आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल वाहन और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। इसके बाद राहत एवं बचाव दल ने लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया।
प्रशासन एवं पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। हादसे में छह लोगों की मौत की खबर से छपारा सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है।
यह घटना एक परिवार के लिए कभी न भूलने वाला दुख बन गई है। मृतकों के प्रति विनम्र श्रद्धांजलि एवं शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं।









