इंदौर/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश भाजपा संगठन में जिला स्तर पर गठित कोर कमेटियों के पुनर्गठन के तहत उनका दायरा सीमित करने का फैसला लिया गया है। पार्टी ने कमेटियों को छोटा करते हुए प्रदेश प्रकोष्ठों के संयोजकों, दूसरे जिलों का प्रभार संभाल रहे नेताओं और विधानसभा चुनाव में पराजित प्रत्याशियों को बाहर रखने का निर्णय किया है। इस बदलाव का सबसे ज्यादा असर इंदौर भाजपा में देखने को मिला है, जहां पांच नेताओं को कोर कमेटी से बाहर कर दिया गया है।
इन नेताओं को किया बाहर
कोर कमेटी से हटाए गए नेताओं में गोपीकृष्ण नेमा, सुदर्शन गुप्ता, मानसिंह यादव, धीरज खंडेलवाल और महेश पालीवाल के नाम शामिल हैं। इनमें गोपीकृष्ण नेमा और सुदर्शन गुप्ता को अन्य जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जबकि मानसिंह यादव, धीरज खंडेलवाल और महेश पालीवाल अलग-अलग प्रदेश स्तरीय प्रकोष्ठों से जुड़े हुए थे। पार्टी के नए दिशा-निर्देशों के मुताबिक इन श्रेणियों में आने वाले नेताओं को जिला कोर कमेटियों में जगह नहीं दी जाएगी।
क्या गुटबाजी का नजारा?
इस संगठनात्मक बदलाव के राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं। कोर कमेटी से बाहर किए गए इन पांचों नेताओं को नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का विरोधी माना जाता है। वहीं, इनकी नजदीकी प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे के खेमे से बताई जाती है। ऐसे में इंदौर में हुए इस फेरबदल को विजयवर्गीय विरोधी माने जाने वाले नेताओं के लिए संगठनात्मक झटके के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी के इस कदम से जिले में भाजपा की अंदरूनी गुटबाजी और शक्ति संतुलन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।









