भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश भाजपा संगठन में अब सभी मोर्चों की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत पार्टी के सभी मोर्चों में चिंतन टोली का गठन किया जाएगा। खास बात यह है कि इन चिंतन टोलियों की कमान विधायकों और मंत्रियों को सौंपी जाएगी। संगठन स्तर पर नियुक्तियों को लेकर अंदरखाने कवायद भी शुरू हो गई है।
चिंतन टोली का होगा गठन
जानकारी के मुताबिक, भाजपा के प्रत्येक मोर्चे में एक चिंतन टोली बनाई जाएगी। इसमें एक विधायक या मंत्री को संयोजक की जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके अलावा हर टोली में एक या दो सह-संयोजकों की नियुक्ति भी की जाएगी। इस तरह पार्टी के सभी मोर्चों में अलग-अलग चिंतन टोलियां बनाकर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की तैयारी है।
यह होगा टोली का उद्देश्य
चिंतन टोली के गठन का उद्देश्य मोर्चों के कामकाज पर विचार-विमर्श करना, संगठन की गतिविधियों को मजबूत करना और भविष्य की रणनीति तैयार करना माना जा रहा है। नियुक्तियों को लेकर संगठन के स्तर पर मंथन शुरू हो चुका है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि किन विधायकों और मंत्रियों को इन टोलियों की जिम्मेदारी सौंपी जाती है।
जनप्रतिनिधियों की बढ़ेगी भूमिका
भाजपा संगठन की इस नई व्यवस्था के तहत सभी मोर्चों में वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों की भूमिका बढ़ने की संभावना है। आने वाले दिनों में नियुक्तियों की तस्वीर साफ हो सकती है, जोकि पार्टी संगठन को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो सकती है।









