भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश भाजपा युवा मोर्चा (BJYM) में जिला अध्यक्षों की नियुक्तियों को लेकर लंबे समय से चल रही खींचतान और दबाव के बीच आखिरकार पहली सूची जारी कर दी गई है। हालांकि, संगठन की ओर से बड़े स्तर पर नियुक्तियों की तैयारी थी और शुरुआत में 20 से अधिक जिलों के अध्यक्षों के नाम घोषित किए जाने की योजना थी, लेकिन अंतिम समय में सिर्फ पांच जिलों के नामों पर ही मुहर लगाई गई। जिनमें आगर, नरसिंहपुर, सिंगरौली, आलीराजपुर, राजगढ़ शामिल है।
पांच जिलों में नियुक्तियां, 14 से ज्यादा में इंतजार
युवा मोर्चा के जिला अध्यक्षों की नियुक्तियों को लेकर दावेदारों और उनके समर्थकों की ओर से लगातार दबाव बनाया जा रहा था। माना जा रहा था कि 7 से लेकर 20 से अधिक जिलों तक की सूची एक साथ जारी हो सकती है, लेकिन अचानक सीमित सूची सामने आई। इसके चलते बाकी जिलों में नियुक्तियों का इंतजार और बढ़ गया है। फिलहाल 14 से अधिक जिलों में जिला अध्यक्षों की घोषणा होना बाकी है।
30 नवंबर को आ सकती है अगली सूची
संगठन से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, शेष जिलों के अध्यक्षों की नियुक्तियों को लेकर प्रक्रिया जारी है। संभावना जताई जा रही है कि अगली सूची 30 नवंबर को जारी की जा सकती है। जिला स्तर पर दावेदारों की सक्रियता बनी हुई है और अपने पक्ष में सहमति बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
महिला मोर्चा की नियुक्तियों की भी तैयारी
भाजपा युवा मोर्चा के साथ ही महिला मोर्चा में भी संगठनात्मक नियुक्तियों की प्रक्रिया चल रही है। महिला मोर्चा के जिला अध्यक्षों की सूची तैयार की जा रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में पार्टी के विभिन्न मोर्चों में नई नियुक्तियों को लेकर गतिविधियां तेज होने की संभावना है।









