भोपाल। भारत निर्वाचन आयोग ने राज्यसभा चुनाव 2026 की तारीखों का ऐलान कर दिया है। मध्य प्रदेश की तीन राज्यसभा सीटों पर 18 जून को मतदान होगा। चुनावी कार्यक्रम घोषित होते ही बीजेपी और कांग्रेस दोनों दलों में उम्मीदवारों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
8 जून तक भरे जाएंगे नामांकन
निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के मुताबिक, राज्यसभा चुनाव के लिए 8 जून 2026 तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 11 जून तक उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। इसके बाद उसी दिन मतगणना और परिणाम घोषित किए जा सकते हैं।
एमपी से तीन सांसदों का कार्यकाल हो रहा समाप्त
मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह, सुमेर सिंह सोलंकी और जॉर्ज कुरियन का कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो रहा है। इनमें दिग्विजय सिंह कांग्रेस से, जबकि जॉर्ज कुरियन और डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी बीजेपी से राज्यसभा सदस्य हैं।
कांग्रेस में कई नेताओं के नाम चर्चा में
दिग्विजय सिंह पहले ही चुनाव लड़ने से इनकार कर चुके हैं। ऐसे में कांग्रेस की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, कमलेश पटेल, अरुण यादव और सज्जन सिंह वर्मा के नाम संभावित उम्मीदवारों में शामिल बताए जा रहे हैं।
बीजेपी जॉर्ज कुरियन को दोबारा भेज सकती है राज्यसभा
सूत्रों के मुताबिक बीजेपी केंद्रीय राज्यमंत्री जॉर्ज कुरियन को एक बार फिर मध्य प्रदेश से राज्यसभा भेज सकती है। जॉर्ज कुरियन मोदी सरकार में मत्स्य पालन, पशुपालन, डेयरी और अल्पसंख्यक मामलों के राज्यमंत्री हैं। वे लंबे समय से बीजेपी संगठन से जुड़े रहे हैं और दक्षिण भारत में पार्टी के प्रमुख ईसाई चेहरे माने जाते हैं।
यह खबर भी पढ़िये..









