MP Cabinet Decisions: मोहन सरकार ने मंगलवार को मंत्रालय में कैबिनेट की बैठक की, बैठक में हुए निर्णय की जानकारी कैबिनेट मंत्री चैतन्य काश्यप ने दी। उन्होंने कैबिनेट बैठक में हुए निर्णयों की जानकारी देत हुए कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पर अब तक 9 लाख से अधिक सुझाव दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें लगभग 90 प्रतिशत सुझावों में यूसीसी के प्रति समर्थन व्यक्त किया गया है। साथ ही, इसका प्रारूप 5 जुलाई तक तैयार कर लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री जी ने जल गंगा संवर्धन अभियान को विशेष महत्व देते हुए इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया है। उन्होंने आह्वान किया कि 25 से 30 जून तक प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में इस अभियान अंतर्गत वृहद कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। साथ ही, अभियान के तहत अब तक किए गए कार्यों पर चर्चा करने तथा शेष लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए हैं। वहीं ताजा आंकड़ों के अनुसार जल संरक्षण के क्षेत्र में मध्यप्रदेश आज देश में तीसरे स्थान पर है, जो प्रदेश के निरंतर प्रयासों का प्रमाण है।
किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत मध्यप्रदेश के लगभग 81 लाख किसानों को ₹240 करोड़ की राशि प्राप्त हुई है। यह सहायता किसानों की आर्थिक सुदृढ़ता एवं कृषि गतिविधियों को प्रोत्साहन प्रदान करने की दिशा में अति महत्वपूर्ण कदम है।
महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी चार दिवसीय प्रवास पर मध्यप्रदेश आईं। इस दौरान उन्होंने सिकल सेल उन्मूलन अभियान में विशेष रुचि दिखाई। सिकल सेल विषय पर आयोजित विशेष सम्मेलन में इससे जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। सम्मेलन में प्राप्त सुझावों और विचार-विमर्श के आधार पर अब इस अभियान को और अधिक प्रभावी तथा तीव्र गति से आगे बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है।
महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी ने अपने मध्यप्रदेश प्रवास के दौरान कूनो नेशनल पार्क में चल रहे चीता संवर्धन अभियान का अवलोकन किया। साथ ही, उन्होंने वन्यजीव संरक्षण एवं चीता पुनर्स्थापन की दिशा में प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।









