भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश में कुछ दिन पहले ही सभी विभाग और प्रकोष्ठों में कार्यकारिणी को भंग कर दिया गया था। दीवाली के मौके पर कांग्रेस ने अपने करीब 20 विभागों और प्रकोष्ठों में नियुक्ति की प्रक्रिया शुरु कर दी है। इनमें अधिकतर पुराने पदाधिकारियों को ही मौका दिया गया है। इसके साथ ही आने वाले वक्त में अन्य विभागों और प्रकोष्ठों में नियुक्तियां पूरी कर ली जाएगी।
चंचलेश को फिर से मिली कमान!
एमपी कांग्रेस में एक बार फिर चंचलेश व्यास को सोशल मीडिया विभाग की कमान सौंपी गई है। कम्युनिकेशन विभाग का अध्यक्ष अभय तिवारी को बनाया गया है। इसके साथ ही सूचना का अधिकार विभाग की जिम्मेदारी पुनीत टंडन, पूर्व अधिकारी और कर्मचारी विभाग का अध्यक्ष आरएन ठाकुर को बनाया गया है। इसी प्रकार सैनिक प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी मेजर जनरल श्याम श्रीवास्तव को दी गई है। मध्यप्रदेश कांग्रेस के 64 विभागों और प्रकोष्ठों में से बाकी 44 में दीवाली के बाद नियुक्तियां हो जाएगी।
कांग्रेस ने तय किया क्राइटेरिया
विभागों और प्रकोष्ठों में नियुक्तियों को लेकर एमपी कांग्रेस ने तय किया है कि ऐसे नेताओं को पदाधिकारी बनाया जाए, जोकि चुनाव लड़ने के इच्छुक ना हो, और सक्रिय भूमिका में अपनी जिम्मेदारी को निभाए। इसके पीछे कांग्रेस की मंशा है कि संगठन पूरी तरह से मैदान में नजर आए। इसी तरह कुछ विभागों को बंद करने की भी बात निकलकर सामने आई थी, जिनमें फॉरेन अफेयर्स, इंडियन ओवरसीज और हिंदी विभाग शामिल है, लेकिन इस पर एआईसीसी से मंजूरी नहीं मिल पाई।









