विदिशा/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने विदिशा में नाबालिग बच्चियों के साथ हुई घटना को लेकर भाजपा सरकार और कानून-व्यवस्था पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में जब से भाजपा की सरकार बनी है, महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अपराध लगातार चिंता का विषय बने हुए हैं।
उन्होंने NCRB के आंकड़ों के अनुसार बताया कि एमपी में हर घंटे एक बेटी के साथ बलात्कार की घटना होना चिंताजनक है। यह किसी राजनीतिक आरोप का विषय नहीं, बल्कि प्रदेश की बेटियों की सुरक्षा और सरकार की जवाबदेही का सवाल है।
जीतू पटवारी ने बीजेपी सरकार पर बोला हमला
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि विदिशा से सांसद, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान वीडियो जारी कर अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास कर रहे हैं। उन्हें बताना चाहिए कि जब वे 18 वर्षों तक प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे, तब महिलाओं की सुरक्षा के लिए क्या ठोस कदम उठाए गए? आज भी प्रदेश की बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पास गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी है, लेकिन प्रदेश की कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त दिखाई दे रही है।
एमपी में चल रहा माफिया राज
जीतू पटवारी ने कहा कि मध्यप्रदेश में माफियाओं का राज कायम हो चुका है। 52 तरह के माफिया सरकार की पांचवीं मंजिल तक अपनी पकड़ बना चुके हैं। मैं विदिशा के नागरिकों और पत्रकार साथियों से चुनौती देता हूं कि एक ऐसा मोहल्ला बता दीजिए जहां अवैध शराब और नशे का कारोबार नहीं हो रहा हो।
एक ऐसा गांव बता दीजिए जहां डायरी पर अवैध शराब नहीं बिकती हो। आखिर भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं के नाम अपराधों में बार-बार क्यों सामने आते हैं? हर भाजपा कार्यकर्ता अपराधी नहीं है, लेकिन अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण मिलने के आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
विदिशा रेप मामले में 48 घंटे लगे FIR होने में
जीतू पटवारी ने कहा कि ने विदिशा की घटनाओं पर पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक मामले में एफआईआर दर्ज करने में 48 घंटे का समय लग गया। पीड़ित परिवार ने उनसे मुलाकात कर बताया कि बच्ची ने चार लोगों की ओर संकेत किया है, जबकि पुलिस की कार्रवाई एक व्यक्ति तक सीमित दिखाई दे रही है। मामले में एक डॉक्टर को भी डिटेन किए जाने की जानकारी सामने आई है। जब वीडियो फुटेज मौजूद हैं, तो पुलिस सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच क्यों नहीं कर रही है?
जीतू पटवारी ने कहा कि भाजपा सरकार अपराधियों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई का ढिंढोरा पीटती है, लेकिन सवाल यह है कि दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ एक जैसी कार्रवाई क्यों नहीं हुई? कानून सबके लिए समान होना चाहिए। पुलिस और प्रशासन को राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर काम करना चाहिए। किसी भी आरोपी को राजनीतिक संरक्षण नहीं मिलना चाहिए और किसी निर्दोष को बिना प्रमाण के निशाना भी नहीं बनाया जाना चाहिए।
कर्ज, करप्शन, कमीशन और क्राइम से चल रही बीजेपी सरकार
जीतू पटवारी ने प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि मध्यप्रदेश सरकार चार हिस्सों में चल रही है—कर्ज, करप्शन, कमीशन और क्राइम। सरकार को कर्ज लेने से फुर्सत नहीं है, भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी ने व्यवस्था को खोखला कर दिया है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। प्रदेश को इस जंगलराज और भ्रष्टाचार से बचाने के लिए भाजपा को पंचायत से लेकर संसद तक हर स्तर पर पराजित करना होगा।
उन्होंने कहा कि यह किसान विरोधी, युवा विरोधी और महिला विरोधी सरकार है। चुनाव के समय बहनों को 3,000 रुपये प्रतिमाह देने का वादा किया गया था और कहा गया था कि चिंता मत करना, मामा है ना। लेकिन आज लाड़ली बहना योजना की राशि 1,500 रुपये पर अटकी हुई है। प्रदेश की करोड़ों महिलाओं के नाम पर राजनीति की गई, लेकिन लाभ सीमित महिलाओं तक पहुंच रहा है और नए पंजीयन भी बंद हैं। बेटियों की सुरक्षा और महिलाओं के सम्मान के मामले में सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है।
न्याय दिलाने के लिए सड़कों पर उतरेगी कांग्रेस
जीतू पटवारी ने कहा कि विदिशा का मामला नाबालिग बच्चियों से जुड़ा है, इसलिए कांग्रेस पार्टी पूरी संवेदनशीलता और कानून के दायरे में रहकर अपनी भूमिका निभाएगी। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार से इस विषय पर चर्चा हुई है। कांग्रेस इस पूरे मामले को विधानसभा में उठाएगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।
उन्होंने कहा कि यदि पुलिस, प्रशासन, सरकार या भाजपा के नेता आरोपियों को बचाने का प्रयास करेंगे, तो कांग्रेस कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। कांग्रेस इस सरकार की विफलताओं और अपराधियों को मिल रहे कथित संरक्षण को जनता के सामने उजागर करेगी।









