भोपाल। मध्य प्रदेश में अगले हफ्ते चुनावी गतिविधियां तेज हो सकती हैं। राज्यसभा की तीन सीटों और दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग जल्द अधिसूचना जारी कर सकता है। राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर हलचल बढ़ गई है और बीजेपी-कांग्रेस दोनों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
26 मई के बाद जारी हो सकती है अधिसूचना
सूत्रों के मुताबिक, निर्वाचन आयोग ने चुनावी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। संभावना जताई जा रही है कि 26 मई के बाद राज्यसभा और दतिया उपचुनाव की अधिसूचना जारी की जा सकती है। इसके बाद प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां और तेज हो जाएंगी।
राज्यसभा की तीन सीटों पर होगा चुनाव
मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह, सुमेर सिंह सोलंकी और जॉर्ज कुरियन का कार्यकाल 26 मई को समाप्त हो रहा है। इन तीनों सीटों पर नए प्रतिनिधियों के चुनाव के लिए मतदान कराया जाएगा। बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही दल संभावित उम्मीदवारों को लेकर मंथन में जुटे हुए हैं।
सदस्यता रद्द होने के बाद खाली हुई दतिया सीट
दतिया विधानसभा सीट पर विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता रद्द होने के बाद उपचुनाव की स्थिति बनी है। माना जा रहा है कि राज्यसभा चुनाव के साथ ही दतिया उपचुनाव की प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी।

बीजेपी-कांग्रेस ने तेज की तैयारियां
जानकारी के अनुसार बीजेपी की ओर से पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दतिया क्षेत्र में सक्रियता बढ़ा दी है और संगठनात्मक बैठकों का दौर शुरू हो गया है। वहीं कांग्रेस की ओर से पूर्व विधायक राजेंद्र भारती ने अपने बेटे के साथ राहुल गांधी से मुलाकात कर टिकट की दावेदारी पेश की है। कांग्रेस ने 25 मई से शुरू होने वाली प्रशिक्षण बैठक में प्रभारियों को शामिल होने के निर्देश भी दिए हैं।









