भोपाल। मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी है.. मई की गर्मी अब खतरनाक रूप लेती जा रही है। प्रदेश के कई शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। शुक्रवार को 12 शहरों का अधिकतम तापमान 43 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा गर्म खंडवा रहा, जहां पारा 45.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए 37 जिलों में हीटवेवका अलर्ट जारी किया है।
खंडवा में सबसे ज्यादा तापमान, कई शहर 43 डिग्री के पार
प्रदेश में गर्मी की तीव्रता लगातार बढ़ रही है। खंडवा सबसे गर्म शहर रहा। इसके अलावा इंदौर, उज्जैन, रतलाम, धार, देवास सहित कई शहरों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं ने दोपहर के समय जनजीवन को प्रभावित किया। सड़कें सूनी नजर आईं और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले।
इन जिलों में लू का असर
- भोपाल
- ग्वालियर
- मुरैना
- भिंड
- दतिया
- शिवपुरी
- गुना
- विदिशा
- रायसेन
- नर्मदापुरम
- हरदा
- बुरहानपुर
- खरगोन
- बड़वानी
- सीहोर
- राजगढ़
- मंदसौर
- नीमच
- झाबुआ
- छतरपुर
- सागर
- दमोह
16 से 19 मई तक तेज गर्मी का दौर जारी रहेगा
मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे के अनुसार 16 से 19 मई के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी बनी रहेगी। दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच लू का असर सबसे अधिक रहेगा। मौसम विभाग ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचने की हिदायत दी गई है।
मौसम विभाग की सलाह
- दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक धूप में निकलने से बचें।
- पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें।
- हल्के और सूती कपड़े पहनें।
- बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखें।
यह खबर भी पढ़िये..









