MP Rajya Sabha: मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटों के लिए होने जा रहे घमासान में सोमवार को नामांकन के अंतिम दिन भारतीय जनता पार्टी ने एक ऐसा दांव खेल दिया है, जिसने कांग्रेस के होश उड़ा दिए हैं। राजनैतिक गलियारों में चल रही तीसरे गुप्त उम्मीदवार की अटकलों को हकीकत में बदलते हुए भाजपा ने मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष महेश केवट को अपना तीसरा प्रत्याशी घोषित कर दिया है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े नेता महेश केवट को मैदान में उतारकर भाजपा ने इस निर्विरोध माने जा रहे चुनाव को दिलचस्प मुकाबले में तब्दील कर दिया है।
हाउस में हुई सीक्रेट मीटिंग, लगी मुहर
रविवार-सोमवार की दरमियानी रात मुख्यमंत्री निवास पर एक गुप्त और हाई-प्रोफाइल बैठक बुलाई गई, जो करीब एक घंटे से अधिक समय तक चली। इस बैठक में प्रदेश संगठन के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में महेश केवट के नाम पर अंतिम मोहर लगा दी गई। महेश केवट मूल रूप से ओरछा-निवाड़ी क्षेत्र के रहने वाले हैं। वे लंबे समय से संघ और सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे हैं। भाजपा आलाकमान के निर्देशानुसार वे सोमवार, 8 जून को दोपहर 3 बजे से पहले विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
एक तीर से दो निशाने
राजनैतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा ने महेश केवट को आगे करके एक बड़ा चुनावी समीकरण साधने का प्रयास किया है। लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बाद भाजपा ने इस नियुक्ति के जरिए सूबे के पिछड़े, केवट और मछुआरा समाज को एक बड़ा राजनैतिक संदेश दिया है। वही कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दो दिन पहले ही यह साफ कर दिया था कि यदि पार्टी ने उम्मीदवार उतारा तो कांग्रेस की सीट खतरे में पड़ जाएगी और मुख्यमंत्री मोहन यादव के तीसरी सीट जाएगी कहां? वाले बयान की क्रोनोलॉजी भी अब महेश केवट की एंट्री से सच हो गई है।
कांग्रेस खेमे में 'इमरजेंसी' जैसे हालात
भाजपा द्वारा तीसरा अधिकृत प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद से ही कांग्रेस के अंदर भारी खलबली का माहौल देखा जा रहा है। संख्या बल के आधार पर भले ही कांग्रेस अपनी उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के लिए पर्याप्त संख्या होने का दम भर रही हो, लेकिन अंदरूनी कलह और गुटबाजी किसी से छिपी नहीं है। अब मुकाबला वॉकओवर का नहीं बल्कि आमने-सामने की वोटिंग का हो गया है, इसलिए कांग्रेस में क्रॉस वोटिंग का डर 100 गुना बढ़ गया है। यही वजह है कि विधायक आरिफ मसूद और कुणाल चौधरी के बाद बाकी विधायकों को चार्टर्ड प्लेन के जरिए तेलंगाना के रिजॉर्ट में बंधक करने की तैयारी को अंतिम रूप दे दिया गया है।










