खबर digital कटनी/विजयराघवगढ़-- आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना विजयराघवगढ़ परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नवागत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) कमल मौर्य ने की। इसमें प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं, शांति समिति के सदस्यों और बड़ी संख्या में पत्रकारों ने सहभागिता निभाई।बैठक में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, नायब तहसीलदार सुनील श्रीवास्तव, विद्युत विभाग के अधिकारी सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उदयराज सिंह, लक्ष्मण सिंह, मनीष मिश्रा, श्यामसुन्दर गुप्ता, फयुजिद्दीन, मोहम्मद अलताफ, शेख जमील, मोहम्मद सकील, मोहम्मद मुस्ताक, नूर मोहम्मद सिद्दीकी, मोहम्मद इस्तहाक, अरविंद बड़गैया, बलराम सोनी, अब्दुल खलील, महेन्द्र चौरसिया सहित अन्य नागरिक उपस्थित रहे।बैठक के दौरान मोहर्रम पर्व के अवसर पर निकाले जाने वाले ताजिया जुलूस की व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, साफ-सफाई, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति सहित विभिन्न आवश्यक विषयों पर नागरिकों से सुझाव लेकर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर विचार-विमर्श किया गया।एएसपी कमल मौर्य ने उपस्थित नागरिकों से आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें। उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों अथवा कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी सूचना की तत्काल पुलिस को जानकारी देने का आग्रह किया।बैठक में आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए आपदा प्रबंधन को लेकर भी विशेष चर्चा की गई। थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने नागरिकों को जलभराव और बाढ़ जैसी परिस्थितियों में सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा कि नदी-नालों पर पानी होने की स्थिति में किसी भी हाल में सड़क पार करने का प्रयास न करें। वहीं वर्षा ऋतु में बढ़ने वाले सर्पदंश के मामलों से बचाव और उपचार की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर झाड़-फूंक के बजाय तत्काल अस्पताल पहुंचकर इलाज शुरू कराना चाहिए।बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, गरिमामय एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। अंत में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने सभी उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट









