नितिन गडकरी की घोषणा: 3000 रुपए में 200 टोल फ्री, 3 लाख करोड़ की सड़क परियोजनाएं स्वीकृत

K
Khabar Digital Admin

0 बार पढ़ा गया

नितिन गडकरी की घोषणा: 3000 रुपए में 200 टोल फ्री, 3 लाख करोड़ की सड़क परियोजनाएं स्वीकृत

भोपाल/ खबर डिजिट/ मध्यप्रदेश को सड़क विकास के क्षेत्र में ऐतिहासिक सौगात मिली है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने जबलपुर में आयोजित कार्यक्रम में 3 लाख करोड़ रुपए की सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति दी। इसी के साथ 3000 रुपए में सालभर में 200 टोल फ्री पास की घोषणा ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद रहे। इस अवसर पर केन्द्रीय परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 4250 करोड़ से अधिक की लागत वाली 174 किलोमीटर लंबी 9 सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें देश का सबसे बड़ा दमोह नाका-रानीताल-मदनमहल-मेडिकल रोड फ्लाय ओवर भी शामिल है। जबलपुर के महानद्दा में आयोजित कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री गडकरी ने मध्यप्रदेश के लिये 60 हजार करोड़ से अधिक लागत की विभिन्न सड़क परियोजनाओं की घोषणाएँ भी की।

जबलपुर के रानी दुर्गावती फ्लाई ओवर के लिए देश में पहली बार 1200 करोड़ रुपए का सेंट्रल रोड फंड मंजूर

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री गडकरी ने कहा कि देश को 2047 तक शक्तिशाली और विश्वगुरु बनाने के संकल्प के साथ कार्य जारी है। भारत अभी 22 लाख करोड़ रुपए का ईंधन आयात कर रहा है। लेकिन हाइड्रोजन हमारे भविष्य का ईंधन है। हाइड्रोजन के बल पर हम ऊर्जा का निर्यात करेंगे, हमारा अन्नदाता, ऊर्जा उत्पादक होगा और वह समृद्ध भी होगा। देश में केवल स्मार्ट शहर नहीं, स्मार्ट विलेज भी बनेंगे। गांव का युवा गांव में ही रोजगार पाए, यही हमारा सपना है। मध्यप्रदेश कृषि प्रधान राज्य है। देश में 2000 अमृत सरोवर बने हैं, जिनमें से 109 मध्य प्रदेश के हैं। इनसे निकली मिट्टी सड़कों के निर्माण में उपयोग की गई और मिट्टी निकालने से बनीं संरचनाओं को जल संचय कर आसपास के क्षेत्रों का भूजल स्तर बढ़ाने के लिए तालाब के रूप में उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जबलपुर में निर्मित रानी दुर्गावती फ्लाई ओवर के लिए देश में पहली बार 1200 करोड़ रुपए का सीआरएफ (सेंट्रल रोड फंड) मंजूर किया गया है।

साढ़े 4 घंटे में पहुंचेंगे ग्वालियर से दिल्ली

केन्द्रीय मंत्री श्री गडकरी ने कहा कि मध्यप्रदेश के लिए 3 लाख करोड़ रुपए की सड़क परियोजनाएं स्वीकृत की हैं, जिनमें से 75 हजार करोड़ के कार्य पूरे किए हैं और 65 हजार करोड़ के कार्य प्रगति पर हैं। आगामी समय में डेढ़ लाख करोड़ रुपए लागत से करीब ढाई हजार किलोमीटर के कार्य डीपीआर के लिए रखे हैं। मध्यप्रदेश में 33 हजार करोड़ रुपए की लागत से 5 ग्रीन फील्ड इकोनॉमिक कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है। इंदौर से हैदराबाद कॉरिडोर पर ओंकारेश्वर के पास नर्मदा नदी पर एक भव्य ब्रिज का निर्माण किया गया है। जल्द ही इसका उद्घाटन किया जाएगा। उज्जैन-गरोठ 4 लेन ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे, भोपाल से कानपुर 440 किलोमीटर लंबा 4 लेन इकोनॉमिक कॉरिडोर बनने पर 15 घंटे की यात्रा 8 घंटे में पूरी होगी। आगरा-ग्वालियर एक्सप्रेस-वे का भूमिपूजन भी जल्द होगा। साढ़े 4 घंटे में ग्वालियर से दिल्ली पहुंचेंगे। दिल्ली से मुंबई के बीच बनाए जा रहे एक्सप्रेस वे में मध्यप्रदेश में 245 किलोमीटर का हिस्सा बनकर पूरा हो गया है। मुंबई में भी कार्य अंतिम चरण में है।

एक ही रोड से जुड़ेंगे कान्हा, बांधवगढ़, पन्ना और पेंच टाइगर रिजर्व

केन्द्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि आज जबलपुर से 15 हजार करोड़ रुपए लागत की सड़क परियोजनाओं की घोषणा की जा रही है। जबलपुर से मंडला और छत्तीसगढ़ सीमा तक 2.5 हजार करोड़ रुपए का 150 किलोमीटर का 6 लेन के चौड़ीकरण का कार्य किया जाएगा, यह कार्य 6 महीने में शुरू होगा। सिवनी-छिंदवाड़ा- सावनेर 4 लेन चौड़ीकरण का कार्य 2.5 हजार करोड़ रुपए लागत से आगामी 6 माह में शुरू किया जाएगा। खरगोन-देशगांव-जुलवानिया मार्ग के 108 किलोमीटर 4 लेन चौड़ीकरण का कार्य 2300 करोड़ रुपए से किया जाएगा तथा महाराष्ट्र सीमा तक बैतूल- परसवाड़ा 2 लेन मार्ग को भी मंजूरी दी गई है। बालाघाट से मंडला के बीच बेहतर संपर्क के लिए सड़क बनाई जाएगी। मध्य प्रदेश में टाइगर कॉरिडोर बनाया जाएगा। इसके अंतर्गत जबलपुर से बांधवगढ़ तक 4600 करोड़ रुपए की लागत से 4 लेन सड़क बनाई जानी थी, जिसे बढ़ाकर अब 5500 करोड़ रुपए किया गया है। यह रोड कान्हा, बांधवगढ़, पन्ना और पेंच टाइगर रिजर्व को कनेक्ट करेगी। इससे मध्यप्रदेश के टूरिज्म, आर्थिक विकास और रोजगार के अवसरों में बढ़ोतरी होगी।

उज्जैन में 510 करोड़ रुपए की लागत से बनेगी नई सड़क और फ्लाई ओवर

केन्द्रीय मंत्री श्री गडकरी ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव से कहा कि भारत सरकार प्रदेश में जिला स्तर तक जल्द ड्राइविंग सेंटर आरंभ करने की इच्छुक है। इसके लिए प्रस्ताव राज्य सरकार की ओर से शीघ्रता से भेजे जाएं। केंद्र द्वारा इन्हें तत्काल स्वीकृति प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सीआरएफ फंड से 1500 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की घोषणा की जा रही है। इससे उज्जैन, जबलपुर और रीवा में नए फ्लाई ओवर बनाए जाएंगे। उज्जैन में 510 करोड़ रुपए की लागत से नई सड़क और फ्लाई ओवर बनेंगे। अशोकनगर से विदिशा के बीच 96 करोड़ रुपए की लागत से सड़क बनाई जाएगी। उज्जैन में कालभैरव मंदिर की कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए ब्रिज बनाया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि भोपाल से जबलपुर के बीच 255 किलोमीटर लंबा नया ग्रीन फील्ड हाईवे बनाया जाएगा, जिसकी लागत 15 हजार करोड़ रुपए होगी। इसके लिए डीपीआर दिसंबर तक पूर्ण कर लिया जाएगा। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूर्ण होने पर अप्रैल-मई 2026 से हाईवे निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा। लखनादौन से रायपुर के बीच 220 किलोमीटर लंबा 4 लेन हाईस्पीड कॉरिडोर, 10 हजार करोड़ रुपए की लागत से बनाया जाएगा, यह रायपुर-विशाखापट्टनम कॉरिडोर से कनेक्ट होगा। इस प्रकार मध्यप्रदेश सीधे विशाखापट्टनम बंदरगाह से जुड़ेगा। इंदौर से भोपाल 160 किलोमीटर ग्रीन फील्ड कॉरिडोर को स्वीकृति दी जा रही है। इसकी लागत 12 हजार करोड़ रुपए होगी।

60 हजार करोड़ रुपए से अधिक लागत की सड़क विकास परियोजनाओं की घोषणा

केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि आज मध्यप्रदेश के लिए 60 हजार करोड़ से ज्यादा लागत की सड़क विकास परियोजनाओं की घोषणा की गई है। ‍सतना-चित्रकूट 4 लेन, रीवा-सीधी 4 लेन, ग्वालियर-भिंड 4 लेन बनाए जाएंगे। उज्जैन-झालावाड़ मार्ग 2 हजार करोड़ रुपए, बदनावर-टिमरनी मार्ग 2 हजार करोड़ रुपए से विकसित होगा। बमीठा-पन्ना-सतना 4 लेन, खजुराहो और बांघवगड़ राष्ट्रीय उद्यानों को कनेक्ट करेगा। खंडवा-बैतूल 4 लेन 4 हजार करोड़ रुपए, इंदौर 6 लेन पूर्वी बायपास 3.5 हजार करोड़ रुपए, जबलपुर-दमोह 1700 करोड़ रुपए, संदलपुर- नसरुल्लागंज- बुधनी-शाहगंज 3.5 हजार करोड़ रुपए से जून 2027 तक पूरा होगा। जबलपुर-डिंडौरी 4 लेन 200 किलोमीटर मार्ग दिसंबर 2026 तक पूरा होगा। इंदौर से हरदा 4 लेन 3400 करोड़ रुपए, ग्वालियर में पश्चिमी बायपास 1300 करोड़ रुपए, इंदौर में 6 लेन बायपास 3 हजार करोड़ रुपए लागत की परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की जा रही है। मध्यप्रदेश में 2100 करोड़ रुपए की लागत से 7 रोपवे बनाए जा रहे हैं। इसमें उज्जैन स्टेशन से महाकाल मंदिर, जबलपुर में एम्पायर टॉकीज से गुरुद्वारा, जबलपुर में सिविक सेंटर से बड़ाफुआरा भी शामिल हैं। केंद्र सरकार ने वार्षिक पास जारी कर टोल को कम कर दिया है। इसका अच्छा रिस्पांस मिला है। एक साल के 3000 रुपए का पास दिया जा रहा है, जिससे 200 टोल नि:शुल्क क्रास किए जा सकेंगे।

यात्री परिवहन सेवा को बनाया जायेगा सुगम

केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि जबलपुर के नगरीय विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार द्वारा समन्वित रूप से कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यात्री परिवहन सेवा को सुगम बनाया जायेगा। भविष्य में फ्लैश चार्जिग बसें चलाई जायेंगी। उन्होंने बताया कि नागपुर में फ्लैश चार्जिंग अत्याधुनिक बसें शुरू की गई हैं। इस 160 सीटर एसी बस में बस होस्टेस भी कार्यरत होंगी। बस का किराया डीजल बस की तुलना में 30 प्रतिशत कम होगा, बसों की क्षमता और सुविधाएं मेट्रो के समान होंगी। देश में अभी मेट्रो निर्माण में 500 करोड़ रुपए प्रति किलोमीटर खर्च आ रहा है। यह बस 2 करोड़ रुपए प्रति किलोमीटर में संचालित होती हैं। ये बसें जनसामान्य को राहत देंगी। आधुनिक बस और हाईवे नेटवर्क से यात्रियों का सफर आसान होगा। जिस प्रकार रोड नेटवर्क में सुधार हुआ है उसी प्रकार परिवहन के साधनों को भी विश्वस्तरीय किया जाएगा। अत्याधुनिक बस निर्माण परियोजना में टाटा समूह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाएगा। ईंधन के नए विकल्प आने से हमारी निर्भरता पेट्रोल-डीजल पर निरंतर कम होती जाएगी।

सड़कों के आधार पर बदलता है देश का भाग्य : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सड़कों के आधार पर देश का भाग्य बदलता है। यह हमारा सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में सड़क आधोसंरचना निर्माण और विस्तार का दायित्व केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी संभाल रहे हैं। यह गडकरी के प्रबंधन का चमत्कार है कि देश में सड़क और अधो-संरचना निर्माण के लिए वह कभी पैसे की कमी होने ही नहीं देते। देश की सीमा पर जवान और खेत में किसान की सजगता और मेहनत से ही देश की ताकत बनती है। बेहतर रोड नेटवर्क दोनों की ही सक्रियता और सामर्थ्य का आधार हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के सुगम संपर्क, तेज विकास, बेहतर सुरक्षा और सब की समृद्धि सुनिश्चित करने के प्रण को पूरा करने के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्धता के साथ अद्यतन अधोसंरचना निर्माण के लिए निरंतर सक्रिय है। केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी ने महाकौशल सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों और निवासियों की रोड नेटवर्क संबंधी आकांक्षा-अपेक्षा को पूर्ण किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश को दी गई रोड नेटवर्क संबंधी सौगातों के लिए प्रदेशवासियों की ओर से केंद्रीय मंत्री गडकरी का अभिवादन करते हुए आभार माना।

शेयर करें:

संबंधित खबरें

दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा को 5 दिन का विराम... 11 नवंबर से फिर शुरू होगा दूसरा चरण

about 1 hour ago

कभी नारियल बेचकर चलाते थे गुजारा, अब धनतेरस पर खरीदी AC कार... छतरपुर के अजय पार बाबा की सोशल मीडिया पर चर्चा

about 2 hours ago

अयोध्या की सरयू तर्ज पर विकसित होगा मां नर्मदा का तट, अगले दो-तीन महीनों में होगा भूमिपूजन: मंत्री राकेश सिंह

about 2 hours ago

गोवर्धन पूजा: MP में सर्वाधिक दुग्ध उत्पादन करने वाली 5 गायों के पशुपालकों को मिलेगा अवार्ड

about 2 hours ago

Breaking News: देवास शराब कांड: राहुल जायसवाल को कांग्रेस ने पार्टी से निकाला... खातेगांव TI को गाड़ी से कुचलने के मामले में कार्रवाई

about 3 hours ago

MP Weather Update: मध्यप्रदेश में बढ़ने लगी ठंड... पचमढ़ी से ठंडा हुआ इंदौर, 14 शहरों में 14 डिग्री से नीचे पहुंचा पारा

about 3 hours ago

और पढ़ें

दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा को 5 दिन का विराम... 11 नवंबर से फिर शुरू होगा दूसरा चरण
मध्यप्रदेश

दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा को 5 दिन का विराम... 11 नवंबर से फिर शुरू होगा दूसरा चरण

PMAY | पीएम आवास योजना से करोड़ों परिवारों को पक्की छत मिली, जनधन योजना से करोड़ों लोग..: PM Modi
सरकारी योजनाएं

PMAY | पीएम आवास योजना से करोड़ों परिवारों को पक्की छत मिली, जनधन योजना से करोड़ों लोग..: PM Modi

कभी नारियल बेचकर चलाते थे गुजारा, अब धनतेरस पर खरीदी AC कार... छतरपुर के अजय पार बाबा की सोशल मीडिया पर चर्चा
मध्यप्रदेश

कभी नारियल बेचकर चलाते थे गुजारा, अब धनतेरस पर खरीदी AC कार... छतरपुर के अजय पार बाबा की सोशल मीडिया पर चर्चा

अयोध्या की सरयू तर्ज पर विकसित होगा मां नर्मदा का तट, अगले दो-तीन महीनों में होगा भूमिपूजन: मंत्री राकेश सिंह
मध्यप्रदेश

अयोध्या की सरयू तर्ज पर विकसित होगा मां नर्मदा का तट, अगले दो-तीन महीनों में होगा भूमिपूजन: मंत्री राकेश सिंह

गोवर्धन पूजा: MP में सर्वाधिक दुग्ध उत्पादन करने वाली 5 गायों के पशुपालकों को मिलेगा अवार्ड
मध्यप्रदेश

गोवर्धन पूजा: MP में सर्वाधिक दुग्ध उत्पादन करने वाली 5 गायों के पशुपालकों को मिलेगा अवार्ड

Breaking News: देवास शराब कांड: राहुल जायसवाल को कांग्रेस ने पार्टी से निकाला... खातेगांव TI को गाड़ी से कुचलने के मामले में कार्रवाई
मध्यप्रदेश

Breaking News: देवास शराब कांड: राहुल जायसवाल को कांग्रेस ने पार्टी से निकाला... खातेगांव TI को गाड़ी से कुचलने के मामले में कार्रवाई

MP Weather Update: मध्यप्रदेश में बढ़ने लगी ठंड... पचमढ़ी से ठंडा हुआ इंदौर, 14 शहरों में 14 डिग्री से नीचे पहुंचा पारा
मध्यप्रदेश

MP Weather Update: मध्यप्रदेश में बढ़ने लगी ठंड... पचमढ़ी से ठंडा हुआ इंदौर, 14 शहरों में 14 डिग्री से नीचे पहुंचा पारा

दीपावली पर डॉ. आशा शर्मा का संदेश, कहा- पाठक खबर डिजिटल से लगातार जुड़े रहें
बिजनेस न्यूज

दीपावली पर डॉ. आशा शर्मा का संदेश, कहा- पाठक खबर डिजिटल से लगातार जुड़े रहें

आउटसोर्स कर्मचारियों को मिलेगा न्यूनतम वेतनमान का लाभ... राजस्थान हाईकोर्ट ने 60 दिन में आदेश लागू करने के दिए निर्देश
राजस्थान

आउटसोर्स कर्मचारियों को मिलेगा न्यूनतम वेतनमान का लाभ... राजस्थान हाईकोर्ट ने 60 दिन में आदेश लागू करने के दिए निर्देश