खबर डिजिटल न्यूज़ कटनी-- प्रत्यक्ष प्रणाली से छात्र संघ चुनाव कराने और कटनी में शासकीय मेडिकल व इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना सहित विभिन्न मांगों को लेकर NSUI ने बुधवार को शहर में ‘छात्र अधिकार पैदल मार्च’ निकाला। प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे और जिला अध्यक्ष अजय खटिक के नेतृत्व में निकले मार्च में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।बारिश के बीच गणेश चौक से शुरू हुआ मार्च कचहरी चौक की ओर बढ़ा। यहां पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी। NSUI कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़कर ज्ञापन सौंपने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस हुई और कई छात्रों व नेताओं को हिरासत में लिया गया।बाद में NSUI प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे समेत अन्य नेताओं को मुचलके पर रिहा कर दिया गया।प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगेंप्रदेश के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में प्रत्यक्ष प्रणाली से छात्र संघ चुनाव कराए जाएं।कटनी में PPP मॉडल के बजाय पूर्णतः शासकीय मेडिकल कॉलेज स्थापित किया जाए।जिले में शासकीय इंजीनियरिंग और लॉ कॉलेज की स्थापना की जाए।शासकीय लीड तिलक कॉलेज को स्वायत्त दर्जा दिया जाए।प्रदर्शन के दौरान आशुतोष चौकसे ने कहा कि पुलिस कार्रवाई और वाटर कैनन के जरिए छात्रों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि प्रत्यक्ष छात्र संघ चुनाव की मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।युवा कांग्रेस नेताओं ने मेडिकल कॉलेज और उच्च शिक्षा से जुड़ी मांगों को युवाओं के भविष्य से जुड़ा मुद्दा बताया और पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताई।प्रदर्शन में जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ सिंह, पूर्व विधायक बसंत सिंह, राजेश चौबे, मौसुफ अहमद बिट्टू, मुकेश यादव, आदित्य कटारे, रानू कुदरहा, राहुल पटेरिया सहित कांग्रेस और NSUI के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट









