इंदौर/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल में इंदौर-खंडवा गेज कन्वर्जन परियोजना के तहत ओंकारेश्वर रोड रेलवे स्टेशन को यात्री परिचालन के लिए तैयार करने की दिशा में एक और अहम चरण पूरा हो गया है। 13 अगस्त 2026 को स्टेशन पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम का कार्य पूरा कर उसका सफलतापूर्वक कमीशनिंग किया गया। रेलवे के अनुसार, ट्रेन संचालन की सुरक्षा व्यवस्था में सिग्नलिंग सिस्टम की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ओंकारेश्वर रोड स्टेशन पर सिग्नलिंग से संबंधित यह अहम कार्य पूरा होने के बाद स्टेशन को यात्री ट्रेनों के संचालन के लिए तैयार करने की प्रक्रिया आगे बढ़ी है।
ट्रैक का CRS निरीक्षण पहले ही पूरा
ओंकारेश्वर रोड स्टेशन पर रेलवे ट्रैक से जुड़े आवश्यक कार्यों का CRS निरीक्षण पहले ही पूरा किया जा चुका है। अब इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम के कमीशन होने से परियोजना के सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण चरणों में एक और प्रगति हुई है। स्टेशन भवन का निर्माण कार्य भी लगभग पूरा हो चुका है। इसके अलावा प्लेटफॉर्म और यात्रियों के लिए जरूरी सुविधाओं से संबंधित अधिकांश कार्य पूरे किए जा चुके हैं।
अधिकारियों ने स्टेशन का किया निरीक्षण
इसी क्रम में 13 अगस्त को अपर मंडल रेल प्रबंधक कुंजीलाल मीणा ने निर्माण, सिग्नलिंग, विद्युतीकरण, पावर समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ ओंकारेश्वर रोड स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन पर चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और बचे हुए कार्यों को तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्टेशन की व्यवस्थाओं और यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की।
यात्री ट्रेन शुरू होने की दिशा में बढ़ा कदम
इंदौर-खंडवा गेज कन्वर्जन परियोजना के तहत ओंकारेश्वर रोड स्टेशन पर सिग्नलिंग, विद्युतीकरण, स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म और यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्य लगातार आगे बढ़ रहे हैं। इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम के सफल कमीशनिंग के बाद स्टेशन को यात्री परिचालन के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
जल्द पूरा कर लिया जाएगा काम
रेलवे प्रशासन द्वारा शेष कार्यों को जल्द पूरा करने के साथ निर्धारित सुरक्षा मानकों और प्रक्रियाओं को पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है। इन प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद इस रेलखंड को यात्री ट्रेन संचालन के लिए खोलने की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी। इससे ओंकारेश्वर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को रेल सेवा का लाभ मिलने की उम्मीद है।









