झाबुआ/नावेद रज़ा/खबर डिजिटल/अवैध शराब के विरुद्ध झाबुआ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चौकी उमरकोट (थाना कालीदेवी) पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब सहित दो कारें जप्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 07 जनवरी 2026 को उमरकोट चौकी पुलिस द्वारा गश्त एवं चेकिंग के दौरान दो स्विफ्ट डिजायर वाहनों को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहनों से कुल 36 पेटी अवैध शराब (543 बल्क लीटर) बरामद की गई। जप्त शराब की अनुमानित कीमत 2 लाख 14 हजार 80 रुपये बताई गई है।
शराब परिवहन में प्रयुक्त दोनों स्विफ्ट डिजायर कारों की अनुमानित कीमत लगभग 16 लाख रुपये है। इस प्रकार पुलिस ने कुल 18 लाख 14 हजार 80 रुपये का मशरूका जप्त किया है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सराहनीय भूमिका-इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कालीदेवी निरीक्षक जयराज सोलंकी, चौकी प्रभारी उमरकोट उप निरीक्षक जितेंद्र चौहान, प्र.आर. भूपेंद्र जाट, आरक्षक अनिल चौहान, रूपेश मेहता, शुभम एवं श्यामलाल की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक महोदय ने टीम के उत्कृष्ट कार्य की प्रशंसा करते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों को नकद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।









