बड़वानी जिले में पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया है. इस संबंध में जारी आदेश के तहत उप निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक और आरक्षक स्तर के कई पुलिसकर्मियों के तबादले किए गए हैं. यह आदेश बुधवार देर रात पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी किया गया.
बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल
जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा 22 मई 2026 को जारी निर्देशों के तहत की गई है. मुख्यालय ने उन अधिकारियों और कर्मचारियों को स्थानांतरित करने के निर्देश दिए थे जो लंबे समय से एक ही स्थान पर कार्यरत थे. निर्देशों के मुताबिक जो पुलिसकर्मी किसी एक थाने में चार वर्ष से अधिक या किसी एक अनुभाग में दस वर्ष से ज्यादा समय से पदस्थ हैं, उन्हें नई जिम्मेदारियां दी जानी थीं. इसी प्रक्रिया के तहत जिले में व्यापक स्तर पर तबादले किए गए.
इन्हें मिली जिम्मेदारी
नई पदस्थापनाओं की सूची में उप निरीक्षक ललीता चौहान और राजीव सिंह ओशाल को थाना बड़वानी से हटाकर रक्षित केंद्र बड़वानी भेजा गया है. वहीं कार्यवाहक उप निरीक्षक रमेश चंद्र चौहान को थाना वरला से स्थानांतरित कर थाना राजपुर में पदस्थ किया गया है. इसके अलावा मो. अय्यूब शेख को थाना सिलावद से थाना अंजड़ भेजते हुए नई जिम्मेदारी सौंपी गई है.
सहायक उप निरीक्षक स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं. सदाशिव कुमरावत को यातायात शाखा से राजपुर में यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है. वहीं माधव पाटीदार को जुलवानिया से स्थानांतरित कर थाना ठीकरी में नई पदस्थापना दी गई है. पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी निर्देशों में सभी स्थानांतरित अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए कार्यस्थल पर पहुंचकर पदभार ग्रहण करने के लिए कहा गया है. विभागीय अधिकारियों का मानना है कि इस कदम से कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा पुलिस प्रशासन के विभिन्न स्तरों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा.
जिले में हुए इस प्रशासनिक बदलाव को पुलिस तंत्र में नई ऊर्जा और कार्यक्षमता लाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है. माना जा रहा है कि आने वाले समय में इन नई नियुक्तियों का सकारात्मक प्रभाव थानों की कार्यप्रणाली, पुलिसिंग व्यवस्था और कानून-व्यवस्था के संचालन पर देखने को मिलेगा.









