रीवा/ अरविंद तिवारी/ खबर डिजिटल/ शहर के पुराने बस स्टैंड के पास मचे हड़कंप ने प्रशासनिक अमले को दौड़ लगा दी। जेठानंद वाधवानी की मृत्यु के बाद शुरू हुआ पारिवारिक संपत्ति का विवाद अब हिंसक रूप ले चुका है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित एक होटल के नीचे बनी दो दुकानों पर कब्जे को लेकर जमकर विवाद हुआ। राजस्व अभिलेखों के अनुसार, 'आनंद वेयर' नामक दुकान में कुल नौ हिस्सेदार हैं, जिनमें जेठानंद की विधवा पत्नी और उनकी दो बेटियां भी शामिल हैं। आरोप है कि दूसरी पत्नी की संतानें पूरी संपत्ति हड़पने की नीयत से विधवा और उनकी बेटियों को उनका जायज हक नहीं दे रही हैं।
बर्बरता का वीडियो वायरल, प्रशासन सख्त
विवाद उस समय बढ़ गया जब दुकान पर बैठे एक युवक ने विधवा महिला और उनकी बेटियों के साथ मारपीट कर दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हड़कंप मच गया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि अगर उन्हें न्याय नहीं मिला, तो वे उसी दुकान के भीतर आत्मदाह कर लेंगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राजस्व की टीम और पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचे।
दुकान हुई सील, जांच जारी
मौके पर मौजूद अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाने और मामले को शांत कराने की भरपूर कोशिश की। जब बातचीत से हल नहीं निकला और तनाव बढ़ता गया, तो प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए दुकान को सील कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और राजस्व विभाग अभिलेखों के आधार पर आगामी कार्यवाही की तैयारी में है।









