गुना/तेज सिंह यादव/खबर डिजिटल/ राघौगढ़ के श्मशान घाट में एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां अंतिम संस्कार के बाद मृतक की अस्थियां गायब हो गईं। घटना स्थल पर तंत्र क्रिया से जुड़े सामान मिलने के बाद तंत्र विधि की आशंका गहरा गई है। मामले को लेकर क्षेत्र में हड़कंप का माहौल है।
डॉ. धर्मवीर सोलंकी का हुआ था निधन
जानकारी के अनुसार, राघौगढ़ के निजी डॉक्टर धर्मवीर सोलंकी का असामयिक निधन होने के बाद उनका अंतिम संस्कार नगर के श्मशान घाट में किया गया था। लेकिन अंतिम संस्कार के बाद जब परिजन अस्थियां लेने पहुंचे तो वे गायब मिलीं। साथ ही श्मशान घाट में तंत्र क्रिया में उपयोग होने वाला सामग्री भी बरामद हुई, जिससे घटना संदेहास्पद बन गई है।
अस्थियां वापस दिलाने की मांग
मृतक के भाई ने शासन और प्रशासन से गुहार लगाते हुए कहा है कि गायब हुई अस्थियां वापस दिलाई जाएं, ताकि वे हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार अपने भाई का कर्मकांड पूरा करा सकें। परिजनों का आरोप है कि अस्थियों से छेड़छाड़ की गई है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
प्रशासन ने शुरु की जांच
स्थानीय प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। श्मशान घाट से मिले तंत्र सामग्री को भी जांच के लिए सुरक्षित कर लिया गया है। फिलहाल, पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर अस्थियां कैसे गायब हुईं और तंत्र विधि के संकेत किसने छोड़े। मामले की जांच जारी है।









