खबर डिजिटल संवाददाता कटनी-- पश्चिम मध्य रेलवे के न्यू कटनी जंक्शन कैरिज एंड वैगन विभाग में कर्मचारियों की ड्यूटी व्यवस्था को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। ऑल इंडिया एससी/एसटी रेलवे एम्प्लाइज एसोसिएशन ने रेलवे प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया है कि विभाग में मैन पावर की भारी कमी होने के बावजूद कर्मचारियों का “मिसयूज” किया जा रहा है और नियमों के विपरीत वर्षों से एक कर्मचारी को एक ही सेक्शन में बनाए रखा गया है।एसोसिएशन द्वारा वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता को भेजे गए पत्र में आरोप लगाया गया है कि टेक्नीशियन-2 पद पर पदस्थ श्री कमेश कोरी शाक्य को लंबे समय से BTC/NKJ में ड्यूटी कराई जा रही है, जबकि उन्हें पद के अनुरूप ROH फ्लोर में कार्य कराया जाना चाहिए। कर्मचारियों का कहना है कि ट्रेनिंग पूरी होने के बाद भी उन्हें ROH फ्लोर में नहीं भेजा गया, जिससे विभाग के अन्य कर्मचारियों पर अतिरिक्त कार्यभार बढ़ रहा है।मामले को लेकर कर्मचारियों में भारी नाराजगी बताई जा रही है। एसोसिएशन ने दावा किया है कि इस संबंध में पहले भी रेलवे अधिकारियों को पत्र लिखे गए और व्यक्तिगत मुलाकात कर मांग रखी गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे कर्मचारियों के बीच असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है।पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि कैरिज एंड वैगन डिपो में पहले से ही स्टाफ की भारी कमी है, इसके बावजूद उपलब्ध कर्मचारियों का “गलत तरीके से उपयोग” किया जा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि यदि सभी को समान रूप से ड्यूटी दी जाए तो कार्य का बोझ संतुलित रहेगा और विभागीय कामकाज भी बेहतर होगा।अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर एक कर्मचारी को वर्षों तक एक ही सेक्शन में क्यों रखा गया? क्या विभागीय अधिकारियों की विशेष मेहरबानी के चलते यह व्यवस्था चल रही है, या फिर रेलवे के भीतर ड्यूटी सिस्टम में बड़ा खेल चल रहा है?फिलहाल इस पूरे मामले ने रेलवे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कर्मचारी संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द उचित कार्रवाई नहीं हुई तो मामला और बड़ा आंदोलन बन सकता है।
खबर डिजिटल संवाददाता सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट मो. 9131308097









