राजगढ़/ लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा कोटा में विद्यार्थियों एवं युवाओं के मध्य प्रस्तुत किए गए विचारों और प्रेजेंटेशन ने देशभर के छात्रों की समस्याओं और आकांक्षाओं को नई दिशा प्रदान की है। इसी क्रम में "छात्रों की गूंज" कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
राहुल गांधी ने अपने प्रेजेंटेशन में शिक्षा व्यवस्था, बढ़ती बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं, पेपर लीक तथा युवाओं के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं को देश के विकास का आधार बताते हुए उनकी समस्याओं के समाधान हेतु ठोस नीतिगत कदम उठाने की आवश्यकता पर बल दिया।
"छात्रों की गूंज" कार्यक्रम देश के विद्यार्थियों की भावनाओं, संघर्षों और अपेक्षाओं का प्रतिनिधित्व करता है। आज का युवा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया तथा सम्मानजनक रोजगार के अवसर चाहता है। विद्यार्थियों की यही आवाज राहुल गांधी के कोटा संवाद में स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई।
जिला कांग्रेस कमेटी का मानना है कि देश के युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए शिक्षा और रोजगार के मुद्दों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। सरकार को छात्रों और युवाओं की चिंताओं का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।









