भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ भोपाल के हुजूर से बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा मटकी फोड़ प्रतियोगिता के दौरान दिए गए एक बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। रविवार रात करोंद में आयोजित कार्यक्रम में भाषण के दौरान विधायक ने मंच से करोंद चौराहे से मिसाइल चलाकर काजी कैंप में गिराने की बात कही। बयान सामने आने के बाद राजनीतिक विवाद शुरू हो गया।
बयान पर दी सफाई
बयान पर विवाद बढ़ने के बाद रामेश्वर शर्मा ने तत्काल सफाई देते हुए कहा कि उनके बयान का संबंध भोपाल के काजी कैंप से नहीं था। उनका इशारा पाकिस्तान के इस्लामाबाद में स्थित काजी कैंप की ओर था। विधायक की इसी सफाई को अब कांग्रेस ने सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है।
विधायक की सफाई पर कांग्रेस का सवाल
कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता और मीडिया समन्वयक अब्बास हाफिज ने पूरे मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सरकार का रुख स्पष्ट करने की मांग की है। हाफिज ने सवाल किया कि यदि विधायक का आशय इस्लामाबाद के काजी कैंप से था, तो पाकिस्तान में काजी कैंप नाम की जगह वास्तव में कहां मौजूद है? कांग्रेस नेता ने कहा कि विधायक धार्मिक आयोजन के मंच से भाषण दे रहे थे और उसी दौरान उन्होंने मिसाइल चलाकर काजी कैंप में गिराने की बात कही। ऐसे में बयान को लेकर स्थिति स्पष्ट करना सरकार की जिम्मेदारी है।
Exclusive: इंदौर में शराब पर खबर डिजिटल की सटीक पड़ताल… क्या आपके शहर में भी ऐसा ही हो रहा है?
भाषण में हिंदू एकता और पाकिस्तान का भी जिक्र
करोंद के भगत सिंह चौराहे पर आयोजित मटकी फोड़ कार्यक्रम में रामेश्वर शर्मा ने हिंदू एकता, राष्ट्रवाद और आतंकवाद जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने हिंदू समाज से जातिगत विभाजन से ऊपर उठकर एकजुट होने की अपील की।अपने संबोधन में पाकिस्तान का जिक्र करते हुए विधायक ने कहा कि वह समय भी आएगा जब लाहौर, ढाका और इस्लामाबाद में मटकी फोड़ प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसी दौरान उन्होंने इस्लामाबाद में मटकी फोड़ने की बात कही और फिर करोंद चौराहे से मिसाइल चलाकर काजी कैंप में गिराने का उल्लेख किया।
विवाद बढ़ते ही विधायक ने दी सफाई
काजी कैंप का जिक्र सामने आने के बाद विधायक ने अपने बयान को लेकर स्पष्टीकरण दिया। उन्होंने कहा कि उनका आशय भोपाल के काजी कैंप से बिल्कुल नहीं था, बल्कि वे इस्लामाबाद के काजी कैंप की बात कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने भारत की सैन्य क्षमता और आतंकवाद के खिलाफ हुई सैन्य कार्रवाई का भी उल्लेख किया।
कांग्रेस ने मुख्यमंत्री से पूछा- होगी कार्रवाई?
कांग्रेस नेता अब्बास हाफिज ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सवाल किया है कि क्या सरकार सार्वजनिक मंच से दिए गए इस तरह के बयान को उचित मानती है। उन्होंने सरकार से यह भी स्पष्ट करने को कहा कि विधायक के बयान पर कोई कार्रवाई की जाएगी या नहीं।
हाफिज का कहना है कि सरकार को इस मामले में केवल सफाई स्वीकार करने के बजाय पूरे प्रकरण पर अपना स्पष्ट रुख सामने रखना चाहिए।
MP News: कांग्रेस ने शराब से मौतों पर सरकार से पूछे कड़े सवाल… कौन देगा जवाब?
जातिगत पहचान से ऊपर हिंदू और भारतीय होने की अपील
रामेश्वर शर्मा ने अपने संबोधन में हिंदू समाज को जातियों में विभाजित होने के बजाय एकजुट रहने का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से जातिगत पहचान से पहले हिंदू और भारतीय होने की भावना को प्राथमिकता देने की अपील की। साथ ही देश के प्रति समर्पण और मातृभूमि के प्रति निष्ठा की बात भी कही।
निवेश को लेकर भी कांग्रेस ने सरकार को घेरा
कांग्रेस ने इस विवाद को मध्यप्रदेश की निवेश छवि से भी जोड़ दिया है। अब्बास हाफिज ने मुख्यमंत्री के विदेश दौरे और प्रदेश में निवेश आकर्षित करने की सरकार की कोशिशों का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि जब सरकार विदेशी निवेशकों को मध्यप्रदेश आने का न्योता दे रही है, तब सार्वजनिक मंचों से नेताओं के ऐसे बयान प्रदेश की छवि पर क्या असर डालेंगे? कांग्रेस का कहना है कि सरकार को एक तरफ निवेश और विकास का संदेश देना है, तो दूसरी तरफ नेताओं के विवादित बयानों पर भी जवाबदेही तय करनी होगी।









