रीवा/ अरविंद तिवारी/ खबर डिजिटल/ जिले से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुई जान-पहचान ने एक किशोरी के जीवन को मुश्किल में डाल दिया। फेसबुक पर एक किशोर से हुई दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम प्रसंग में बदल गई। इस दौरान दोनों के बीच शारीरिक संबंध स्थापित हुए, जिससे किशोरी गर्भवती हो गई।
परिजनों से छिपाई गर्भावस्था
लोक-लाज और डर के कारण किशोरी ने कई महीनों तक अपनी गर्भावस्था की बात परिजनों से छिपाए रखी। हालांकि, चार-पांच महीने बीतने के बाद जब शरीर में शारीरिक बदलाव दिखने लगे, तो परिजनों को संदेह हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर पीड़िता ने अपनी आपबीती सुनाई। परिजनों ने भी बदनामी के डर से शुरू में मामले को दबाने का प्रयास किया।
अस्पताल पहुंचते ही खुला मामला
प्रसव का समय निकट आने पर किशोरी की तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद उसे आनन-फानन में गांधी स्मारक चिकित्सालय (जीएमसी) में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान किशोरी ने एक मृत नवजात को जन्म दिया। अस्पताल प्रबंधन द्वारा सूचना मिलने पर पुलिस सक्रिय हुई और महिला अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता के बयान दर्ज किए।
पुलिस की कार्रवाई
इस मामले में पुलिस ने त्वरित कदम उठाते हुए आरोपी अपचारी बालक के विरुद्ध रायपुर कर्चुलियान थाने में एफआईआर दर्ज कर ली है। डीएसपी हेडक्वार्टर उदित मिश्रा ने बताया कि मामला अत्यंत संवेदनशील है। पीड़िता के बयानों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।









