पनवार(रीवा)/धर्मेंद्र सिंह/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के रीवा जिले में एक 13 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा किया है। पनवार थाना क्षेत्र के ग्राम चौर निवासी रवि सेन का शव रामबाग के पास गझनी नदी में मिला था। मामले की जांच के दौरान पुलिस को उसके ही 14 वर्षीय दोस्त पर संदेह हुआ। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच कुछ दिन पहले मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश में हत्या किए जाने की बात सामने आई है। घटना के खुलासे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। बचपन के दो दोस्तों के बीच हुए विवाद का इतना गंभीर रूप ले लेना ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
तीन दिन से लापता था रवि सेन, नदी में मिला शव
जानकारी के अनुसार, पनवार थाना क्षेत्र के ग्राम चौर निवासी 13 वर्षीय रवि सेन तीन दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गया था। परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान रामबाग के पास गझनी नदी में उसका शव उतराता हुआ मिला। किशोर का शव मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की और रामबाग तिराहे पर चक्काजाम कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी।
SDOP रूपेंद्र धुर्वे ने पेश की क्षेत्र में सिंघम की छवि… गंभीर मामलों के तत्काल निराकरण पर जोर
पुलिस जांच में दोस्त पर गहराया शक
मामले की जांच के लिए पनवार थाना प्रभारी कन्हैया बघेल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्यों, किशोर के अंतिम समय में देखे जाने की जानकारी और उसके परिचितों से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की। जांच के दौरान पुलिस का संदेह रवि के 14 वर्षीय दोस्त पर गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने दावा किया कि विवाद की रंजिश में किशोर की हत्या किए जाने की बात सामने आई है।
मामूली विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार, दोनों किशोरों के बीच कुछ दिन पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी बात को लेकर आरोपी किशोर के मन में रंजिश थी। पुलिस की पूछताछ में उसने कथित तौर पर वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार की है। हालांकि, हत्या की परिस्थितियों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी आधिकारिक जांच के आधार पर ही स्पष्ट हो सकेगी।
अपचारी बालक को अभिरक्षा में लिया
पुलिस ने मामले में आरोपी अपचारी बालक को अभिरक्षा में लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। चूंकि आरोपी नाबालिग है, इसलिए मामले में किशोर न्याय से जुड़े कानूनी प्रावधानों के अनुसार प्रक्रिया अपनाई जाएगी। रीवा के पनवार क्षेत्र में हुई इस घटना ने परिवारों और ग्रामीणों को झकझोर दिया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Breaking News: कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी का कड़ा एक्शन… 15 पटवारियों को किया निलंबित!









