रीवा/अरविन्द तिवारी/खबर डिजिटल/ रीवा जिले से शिक्षा विभाग की बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। जहां बच्चों की पढ़ाई के लिए बने स्कूल के कमरे को महिला हेडमास्टर ने निजी बेडरूम में बदल दिया। क्लासरूम के बीच तख्त, गैस चूल्हा, कूलर और घरेलू सामान देखकर हर कोई हैरान है। मामला सामने आते ही विभाग में हड़कंप मच गया है। जिसमें अब जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
क्लासरूम को बनाया आरामगाह
रीवा के कुल्लू पूर्व माध्यमिक विद्यालय में पढ़ाई की जगह आलीशान आरामगाह बना दिया गया। महिला हेडमास्टर पदमा शुक्ला ने नियमों को ताक पर रखते हुए पूरे क्लासरूम को अपना निजी बेडरूम बना लिया। जहां ब्लैकबोर्ड और किताबें होनी चाहिए, वहां तख्त, गैस, चूल्हा, पंखा और कूलर सजाए गए हैं। बच्चों को बैठने तक की जगह नहीं, लेकिन हेडमास्टर के आराम की पूरी व्यवस्था। तस्वीरें बताती हैं कि शिक्षा विभाग किस कदर ढीली निगरानी में चल रहा है।
डीपीसी ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
मामला उजागर होने के बाद डीपीसी विनय मिश्रा ने जांच कर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। हालांकि अब देखना होगा कि कब तक जांच हो पाती है और उसके बाद कार्रवाई।









