त्यौंथर रीवा/खबर डिजिटल/ अरविन्द तिवारी/ त्यौंथर जनपद क्षेत्र की ग्राम पंचायत घूमा में कथित भ्रष्टाचार और लगातार मिल रही धमकियों से परेशान एक RTI कार्यकर्ता ने कलेक्टर को पत्र सौंपकर इच्छामृत्यु की मांग की है। कार्यकर्ता का कहना है कि यदि सात दिनों के भीतर उसे न्याय और सुरक्षा नहीं मिली तो वह आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर होगा।
पीड़ित ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि पंचायत में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की जानकारी सूचना के अधिकार के तहत मांगने तथा शिकायतें करने के बाद उसे लगातार धमकियां दी जा रही हैं। उसने ग्राम पंचायत से जुड़े कुछ प्रभावशाली लोगों पर दबाव बनाने और भय का माहौल खड़ा करने का आरोप लगाया है।

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि उसे जान से मारने, सड़क दुर्घटना का रूप देकर नुकसान पहुंचाने तथा झूठे मामलों में फंसाने जैसी धमकियां मिल रही हैं। कार्यकर्ता का दावा है कि इन परिस्थितियों के कारण उसका और उसके परिवार का सामान्य जीवन प्रभावित हो गया है।
पीड़ित ने स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा है कि उसने कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उसके अनुसार केवल नोटिस जारी किए गए, जबकि जमीनी स्तर पर समस्या जस की तस बनी हुई है।
निराश होकर उसने कलेक्टर को पत्र सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही कलेक्टर से ग्राम घूमा का दौरा कर वास्तविक स्थिति का आकलन करने का आग्रह भी किया है।
यह मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सभी की नजर जिला प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।









