इंदौर/नरेंद्र महावर/खबर डिजिटल/ शहर के जोन स्तर पर शुक्रवार को वार्ड क्रमांक 82 में संकल्प से समाधान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर शुक्रवार सुबह 11:30 बजे हवा बंगला रोड स्थित वार्ड 82 में संपन्न हुआ। शिविर का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाना रहा।
पीएम मोदी का वर्चुअल संदेश
कार्यक्रम के दौरान देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केरल से वर्चुअल माध्यम के जरिए शिविर से जुड़े। उन्होंने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए सरकार की जनहितकारी योजनाओं, सुशासन और आमजन की भागीदारी पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित होता है, जिससे समस्याओं का समाधान तेजी से संभव हो पाता है।
जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
शिविर में इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव, क्षेत्रीय विधायिका मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़, भाजपा नगर उपाध्यक्ष एवं महापौर प्रतिनिधि भारत पारख, क्षेत्रीय पार्षद नितिन शानू शर्मा, संजय मोटवानी एवं वैभव उपाध्याय विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया।
नागरिकों ने रखीं समस्याएं
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नागरिकों ने पानी, सड़क, साफ-सफाई, बिजली सहित अन्य बुनियादी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। मौके पर ही संबंधित विभागों को समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए।









