Satna-Maihar Bomb Threats : सतना और मैहर जिले के न्यायालयों में शुक्रवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब जिला न्यायालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक सनसनीखेज धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। इस ईमेल ने सुरक्षा एजेंसियों और न्यायिक गलियारे में हड़कंप मचा दिया है।
तमिल भाषा में आया मेल
जानकारी के अनुसार, यह ईमेल शुक्रवार तड़के सुबह 5:34 बजे भेजा गया था। चौंकाने वाली बात यह है कि पूरा मेल तमिल भाषा में लिखा गया था। इसमें दावा किया गया कि कोर्ट परिसर और न्यायाधीशों के दफ्तरों में 15 जहरीली गैस के बम लगाए गए हैं। ईमेल में चेतावनी दी गई थी कि दोपहर 1 बजे ये बम विस्फोट कर दिए जाएंगे।
अलर्ट मोड पर पुलिस
धमकी मिलने के तुरंत बाद प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को सूचित किया। इसके बाद पूरे जिले की पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमों ने सतना जिला कोर्ट के साथ-साथ मैहर, अमरपाटन और अन्य तहसील न्यायालयों की घेराबंदी कर सघन तलाशी शुरू की।
पुलिस बल तैनात
पुलिस ने कोर्ट परिसर के कोने-कोने, पार्किंग एरिया और न्यायाधीशों के कक्षों की बारीकी से जांच की। संदिग्ध वस्तुओं की तलाश के लिए खोजी कुत्तों की मदद ली जा रही है। नगर पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र प्रताप सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और पुलिस बल तैनात किया गया है। हम इस बात की तकनीकी जांच कर रहे हैं कि यह ईमेल कहाँ से और किस आईपी एड्रेस से भेजा गया है। साइबर सेल की मदद से आरोपी तक पहुँचने के प्रयास जारी हैं।









